- Advertisement -
पांवटा साहिब। माजरा क्षेत्र में दो समुदायों के बीच धार्मिक तनाव के बाद डीजीपी संजय कुंडू (DGP Sanjay Kundu) ने क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान पुलिस प्रमुख राजनीतिज्ञों एवं दोनों समुदायों (Both Communities) के प्रबुद्ध जनों के साथ सद्भावना बैठक की। साथ ही पुलिस ने पांवटा साहिब (Paonta Sahib) क्षेत्र में फ्लैग मार्च भी निकाला। सद्भावना संवाद के बाद डीजीपी संजय कुंडू ने कहा कि क्षेत्र का धार्मिक माहौल बिगाडऩे का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। ऐसे लोगों को किसी भी सूरत में नहीं बक्शा जाएगा। कहा कि पांवटा साहिब क्षेत्र तीन राज्यों की सीमाओं से सटा है। यहां पर अपराध की संभावनाएं लगातार बनी रहती हैं। लिहाजा पांवटा साहिब में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और माजरा में डीएसपी का पद सृजन करने की संस्तुति की गई है।
बता दें कि 17 मई की रात माजरा थाने में दो समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए थे। दरअसल एक समुदाय के कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर शिवलिंग को लेकर अभद्र टिप्पणी की थी। अभद्र टिप्पणी करने वालों को पुलिस ने हिरासत में लिया। इससे नाराज उनके समुदाय के सैकड़ों लोग माजरा पुलिस थाने के बाहर एकत्र हो गए थे और आरोपियों को छोडऩे की मांग करने लगे। इस दौरान दूसरे समुदाय के लोग भी थाने की दूसरी तरफ एकत्र हो गए। एकाएक क्षेत्र में माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालांकि स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने कई घंटों की मशक्कत के बाद टकराव को रोक दिया। इस तरह के माहौल को शांत करने के लिए हिमाचल पुलिस प्रमुख डीजीपी संजय कुंडू पांवटा साहिब पहुंचे। यहां उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र के प्रबुद्ध लोगों के साथ सद्भावना संवाद किया। सद्भावना बैठक (Goodwill Meeting) में हालात को सामान्य रखने और आपसी भाईचारा बनाए रखने पर बल दिया गया। उन्होंने कहा कि इस मामले में पुलिस वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार कार्रवाई आगे बढ़ा रही है।
वहीं पुलिस ने दो समुदायों में दंगे भड़काने की कोशिश करने पर पिपलीवाला पंचायत के प्रधान व मिश्रवाला पंचायत के प्रधान के पति व पूर्व बीडीसी सदस्य को चार दिन का पुलिस रिमांड (Police Remand) मिला है। आरोप है कि प्रधान व पूर्व बीडीसी सदस्य ने लोगों को भड़काया था। उसके बाद बड़ी संख्या में लोग पुलिस थाना के बाहर एकत्रित हो गए थे। तलवारें लहराने का भी आरोप है। जिस पर पुलिस ने दो अलग-अलग मामले दर्ज किए थे।
- Advertisement -