-
Advertisement
मंडी: सिर पर डंडा मारकर पूर्व सैनिक की हत्या, नकेहड़ गांव में दहशत
मंडी। मंडी जिले (Mandi District) में जोगिंदर नगर थाना के तहत पड़ने वाली हारगुणैन पंचायत में पूर्व सैनिक 75 वर्षीय रिखी राम को अज्ञात शख्स ने सिर पर डंडे के वार से मौत के घाट उतार दिया। घटना बीती देर रात की है। सुबह ग्रामीणों ने आंगन में खून से लथपथ बुजुर्ग की लाश को देखा तो इसकी सूचना परिजनों व पंचायत प्रधान को दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्यवाही शुरू की है।
इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। मृतक रिखी राम ने नकेहड़ गांव में दो मकान बनाये थे। एक मकान में रिखी राम अपनी पोतियों के रहते थे। वहीं, दूसरे मकान में उनका पूरा परिवार रहता है। स्कूल की छुट्टियां होने के चलते इन दिनों बच्चे अपने माता-पिता के साथ रह रहे थे। बताया जा रहा है कि जिस मकान में रिखी राम रहते थे, वह वहां घराट और एक दुकान भी चलाते थे।
यह भी पढ़े:झंडूता बाजार में मजदूर की हत्या, हत्यारोपी गिरफ्तार
अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज
वे भारतीय सेना व पुलिस में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। गुरुवार सुबह परिजनों को ग्रामीणों के माध्यम से रिखी राम की मौत की सूचना मिली। इसके उपरांत जोगिंदर नगर थाना के टीम मौके पर पहुंची और खून से लथपथ शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू की। वहीं डीएसपी पधर संजीव सूद व फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। डीएसपी संजीव सूद ने बताया कि नेरचौक मेडिकल कॉलेज में शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने अज्ञात शख्स के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि परिजनों ने अभी फिलहाल किसी भी व्यक्ति पर शक जाहिर नहीं किया है।
