-
Advertisement
Problem: आवारा पशुओं के खौफ से किसानों ने फसल उगाना छोड़ा, अब चारे का संकट
वीरेंद्र भारद्वाज/ मंडी। मंडी जिला (Mandi District) की बल्द्वाड़ा तहसील की ग्राम पंचायत खुडला के मनवाना गांव में किसानों ने मौसम की मार और बेसहारा पशुओं (Stray Cattles) के आतंक से परेशान होकर इस बार अपने खेतों में बीज नहीं बोए। इसका कारण मौसम की मार (Weather Change) तो है ही, साथ में आवारा पशुओं का आतंक भी है।
आवारा पशुओं के कारण किसान तो क्या, आम राहगीर भी परेशान हैं। मनवाना गांव के किसान दिनेश शर्मा और चंद्र कुमार ने बताया कि उनके गांव में 500 बीघा भूमि है। हर बार किसान खेती करते थे, लेकिन गत वर्ष बारिश (Rain) के कारण हुए नुकसान के बाद रही-सही कसर बेसहारा पशुओं ने पूरी कर दी। बेसहारा पशुओं का आतंक क्षेत्र में काफी ज्यादा बढ़ गया है। इससे परेशान होकर अधिकतर किसानों ने इस बार अपने खेतों को खाली छोड़ दिया और फसल नहीं बोई।

गहराया चारे का संकट
खेतों में किसी भी प्रकार की बीजाई (Sowing) न करने से अब इनके समक्ष अपने पशुओं के लिए भी चारे (Animal Feed Problem ) का संकट मंडराने लग गया है। इन्हें अपने पशुओं के लिए भी चारा खरीदकर लाना पड़ रहा है। किसानों ने सरकार और प्रशासन से मांग उठाई है कि बेसहारा पशुओं की समस्या से निजात दिलाई जाए और खेतों की बाड़बंदी (Fencing) का उचित प्रावधान किया जाए ताकि किसान पहले की भांति खेतीबाड़ी कर सकें। बल्द्वाड़ा तहसील के अधिकतर स्थानों पर बेसहारा पशुओं की काफी ज्यादा समस्या है और अधिकतर किसान व आमलोग इससे परेशान है। बेसहारा पशु सड़कों के बीच खड़े होकर हादसों को भी न्यौता देते हैं।

