-
Advertisement
यहां मछलियों की होती है पूजा, भगवान मच्छिंद्रनाथ पूरी करते हैं सारी मन्नतें
लक्की शर्मा/जोगिंदर नगर। जिला मंडी के जोगिंदर नगर (Jogindernagar) कस्बे से जोगिंदर नगर-सरकाघाट-घुमारवीं मुख्य सडक़ पर महज आठ किलोमीटर दूर रणा खड्ड के किनारे बाबा मच्छिंद्रनाथ का पवित्र स्थान मच्छयाल स्थित है। यहां मछलियों (Fishes) की पूजा की जाती है। कहते हैं कि हजारों वर्ष पूर्व इस स्थान के प्राकृतिक सौंदर्य से वशीभूत होकर बाबा मच्छिंद्रनाथ ने कई वर्षों तक यहां तपस्या की थी। भगवान विष्णु जी (Lord Vishnu) के मत्स्य अवतार को बाबा मच्छिंद्रनाथ के रूप में पूजा जाता है।
मन्नत पूरी करते हैं बाबा मच्छिंद्रनाथ
जानकार कहते हैं कि मत्स्य पुराण में मछलियों को पूजा (Worship The Fishes) जाने का उल्लेख मिलता है तथा मत्स्य पुराण 18 पुराणों में से एक पुराण है जिसमें मत्स्य अवतार से जुड़े कई रहस्यों की जानकारी मिलती है। मच्छयाल स्थित रणा खड्ड में मछलियों को आटा खिलाने से जहां लोग कई दोषों से मुक्ति पाते हैं तो वहीं मनोकामना को पूर्ण करने की मन्नतें भी मांगते हैं। कहते हैं कि सच्चे मन से मांगी गई मन्नत को बाबा मछिन्दर नाथ पूर्ण करते हैं।

साथ ही निःसंतान श्रद्धालु (Devotees) जहां बच्चे होने की, तो वहीं अविवाहित लोग विवाह होने की मन्नत भी मांगते हैं। मन्नत पूरी होने पर श्रद्धालु ढ़ोल नगाड़ों के साथ जातर लाकर बाबा मच्छिंद्रनाथ के दर्शन करते हैं तथा प्रसाद चढ़ाते हैं। साथ ही मछलियों को आटा भी खिलाते हैं। मन्नतें पूरी होने की कई घटनाएं आए दिन देखने को मिलती हैं तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा मच्छिंद्रनाथ के दर्शनार्थ यहां पहुंचते हैं।
माया कुंड के पानी से दूर होते हैं चर्म रोग
मच्छयाल स्थित बाबा मच्छिंद्रनाथ के परिसर में प्राकृतिक तौर पर पत्थरनुमा चट्टान में एक बड़ा प्राकृतिक सुराख (Natural Hole) है। जिसमें वर्ष भर पानी भरा रहता है जिसे माया कुंड के नाम से जाना जाता है। कहते हैं इस पानी को नियमित तौर पर लगाने से कई तरह के चर्म रोग ठीक होते हैं। यह भी कहा जाता है कि बाबा मच्छिंद्रनाथ इसी स्थान से विवाह-शादियों इत्यादि के आयोजन के लिए बर्तन भी उपलब्ध करवाते थे। कहते हैं कि विवाह शादियों या अन्य धार्मिक व सामाजिक आयोजनों के लिए लोग बाबा मच्छिंद्रनाथ से बर्तन उपलब्ध करवाने की अरदास करते थे तो सुबह होने पर इस स्थान पर बर्तन उपलब्ध हो जाते थे। एक बार किसी व्यक्ति ने इन बर्तनों को लौटाते समय उन्हें बदल दिया। इसके बाद बर्तन उपलब्ध होने की यह परंपरा बंद हो गई।

राजा ने मछली को पहनाई थी सोने की नथ
जानकार बताते हैं कि एक बार राजा (King) ने सिपाहियों को भोजन में मछली बनाने के आदेश दिए। सिपाहियों को काफी प्रयास करने के बाद जब मछली नहीं मिली तो उन्होने मच्छयाल के इस पवित्र स्थान से मछली को पकड़ा। कहते हैं कि जब मछली कोपकाया गया तो वह पुनः जीवित हो गई। इस घटना को देखकर राजा भी दंग रह गए। जब उन्होंने मछली से जुड़ा वृतांत सुना तो वे इस पवित्र स्थान पर पहुंचे तथा बाबा मच्छिंद्रनाथ की पूजा-अर्चना कर मछली को सोने की नथ पहनाई। कहते हैं कि भाग्यवान लोगों को अभी भी ऐसी मछली के दर्शन होते हैं।
मछलियों का शिकार करना पूर्ण तौर पर प्रतिबंधित
रणा खड्ड में बाबा मच्छिंद्रनाथ ने प्राकृतिक तौर पर सात तटबंधों के माध्यम से अपनी सीमा को निर्धारित किया है। 300-400 मीटर के दायरे में यह प्राकृतिक सीमा फैली हुई है तथा इसके भीतर मछलियों का शिकार करना पूर्ण तौर पर प्रतिबंधित है।
प्राकृतिक तौर पर चट्टान के ऊपर निर्मित है शिवजी की प्रतिमा
इसी स्थान पर प्राकृतिक तौर पर एक भारी भरकम चट्टान के ऊपर भगवान शिव (Lord Shiv) की प्रतिमा निर्मित है। कहते हैं कि एक बार मां चतुर्भुजा ने खेल के माध्यम से इस चट्टान के गिरे होने की जानकारी दी। जब क्रेन के माध्यम से चट्टान को ऊपर उठाया गया तो उसमें भगवान शिव का प्रतीकात्मक रूप शिवलिंग प्राकृतिक तौर पर बना हुआ मिला। इसके अलावा चट्टान में अन्य मूर्तियां भी उकेरी गई है
यह भी पढ़े:कब है मार्गशीर्ष माह की विनायक चतुर्थी? जानें सही तिथि सहित पूरी डिटेल
प्राकृतिक तौर पर है खूबसूरत स्थान, बैसाखी पर लगता है मेला
यह स्थान प्राकृतिक तौर पर बेहद खूबसूरत (Beautiful) है। इसकी खूबसूरती का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि यहां पर कई हिंदी फीचर फिल्मों (Films) का फिल्मांकन भी हुआ है। यहां प्रतिवर्ष 13 अप्रैल बैसाखी पर्व को चार दिवसीय मेले का आयोजन होता है। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं। इस दौरान कई तरह के सांस्कृतिक एवं खेलकूद कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाता है। वर्तमान में इस मंदिर के संचालन हेतु SDM जोगिंदर नगर की अध्यक्षता में मंदिर विकास प्रबंधन समिति गठित की गई है। जिसमें स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों सहित कई सरकारी व गैर सरकारी सदस्य शामिल हैं।
कैसे पहुंचे मच्छयाल
मच्छयाल मंडी जिला मुख्यालय से लगभग 65 किलोमीटर की दूरी पर है। उपमंडल मुख्यालय जोगिंदर नगर से महज आठ किलोमीटर तथा प्रसिद्ध धाम बैजनाथ से 30 किलोमीटर दूर है। यह स्थान सडक़ मार्ग से जुड़ा हुआ है तथा मंदिर परिसर में ही वाहन को आसानी से पार्क किया जा सकता है। इसके अलावा रेल नेटवर्क के माध्यम से भी पठानकोट (Pathankot) से जोगिंदर नगर पहुंचा जा सकता है। सबसे नजदीकी हवाई अड्डा गग्गल कांगड़ा है।

