-
Advertisement

हिमाचल में महिला सहित दो के मिले शव, खड्ड में डूबने से एक की गई जान
हिमाचल अभी अभी। हिमाचल में आज का दिन हादसों भरा रहा। जिला कांगड़ा में एक व्यक्ति की डूबने से मौत (Drowning) हो गई। वहीं थुरल पुलिस चौंकी के तहत एक प्रवासी व्यक्ति की सड़क हादसे में जान चली गई। इसी तरह से सिरमौर (Sirmaur) जिला में एक लापता महिला का पेड़ से लटका शव मिला है। जबकि मंडी (Mandi) जिला के जोगेंद्रनगर में 32 वर्षीय एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने सभी मामलों में केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें:हिमाचल 22 वर्षीय युवक का मिला शव, दूसरी जाति में की थी लव मैरिज
पहला मामला कांगड़ा (Kangra) जिला के नूरपुर उपमंडल से सामने आया है। यहां गांव हडल झिकली के जौडा खड्ड में एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। लोगों ने गुरुवार को शव पानी पर तैरता हुआ देखा। मृतक व्यक्ति की सतपाल सिंह (61) निवासी हडल झिकली नूरपुर के रूप में हुई है। लोगों की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है। नूरपुर थाना प्रभारी जसवाल सिंह ने बताया कि लोगों ने जौडा खड्ड में एक शव तैरने की सूचना दी थी। सूचना के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को जौडा खड्ड से बाहर निकाला और कब्जे में लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थुरल के आलमपुर में सड़क हादसे में एक की मौत
थुरल पुलिस चौकी आलमपुर के तहत कंगैहण नामक स्थान पर टिप्पर की चपेट (Road Accident) में आने से एक प्रवासी व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा बुधवार देर रात कंगैहण के साथ लगती खड्ड में हुआ। मृतक व्यक्ति की पहचान लक्ष्मण पुत्र हूलासी राम निवासी उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। मृतक व्यक्ति अपनी झुग्गी से बाहर सड़क किनारे फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे तेज रफ्तार टिप्पर की चपेट में आ गया। तथा टिप्पर के पिछले टायर के नीचे लक्ष्मण का सिर आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
लापता महिला की पेड़ से लटकी मिली लाश
जिला सिरमौर (Sirmaur) की ग्राम पंचायत दाड़वा के गांव तीमली में एक महिला का शव (Women dead Body) बरामद हुआ है। मृतक महिला की पहचान भारती (32) पत्नी लखविंदर के रूप में हुई है। महिला बीती रात से गायब थी। परिजनों ने उसे आस पास खोजा लेकिन उसका पता नहीं चल सका। गुरुवार सुबह घर के पास खेत में देखा तो महिला का शव पेड़ पर लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि उपरोक्त महिला की रात को अपने पति से किसी बात को लेकर बहसबाजी हुई थी। इसके बाद उसका पति ड्यूटी पर चला गया था। वह किसी की कोठी पर रखवाली का काम करता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
टैक्सी चालक ने लगाया फंदा
जिला मंडी के जोगेंद्रनगर में 32 वर्षीय युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या (Suicide) कर ली। मृतक युवक टैक्सी चलाता था। बताया जा रहा है कि जोगेंद्रनगर के नेरी कोटला गांव का टैक्सी चालक हंस राज गुरुवार को मकान के भीतर कमरे में पंखे की कुंडी में फंदे से लटका हुआ मिला। युवक की पत्नी सरोज ने पति को फंदे पर लटका देख शोर मचाया। परिजनों ने आनन-फानन युवक को फंदे से उतारकर बेसुध हालत में सिविल अस्पताल जोगेंद्रनगर पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group