-
Advertisement
NEET-2026 परीक्षार्थियों को HRTC बसों में मिलेगी निःशुल्क यात्रा की सुविधा, एडमिट कार्ड ही होगा पास
NEET-2026 : राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-2026) में बैठने वाले परीक्षार्थियों के लिए हिमाचल प्रदेश सरकार और हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) ने एक बड़ी राहत भरी घोषणा की है। आगामी 21 जून, 2026 को होने वाली इस परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक जाने और वहां से वापस अपने घर लौटने के लिए एचआरटीसी की साधारण बसों में मुफ्त सफर की सुविधा दी जाएगी।
एडमिट कार्ड ही होगा आपका टिकट
एचआरटीसी के एक प्रवक्ता ने इस फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि छात्र अपने नीट-2026 प्रवेश पत्र (Admit Card) को पहचान पत्र, निवास स्थान और परीक्षा केंद्र के प्रामाणिक दस्तावेज के रूप में परिचालक (कंडक्टर) के सामने प्रस्तुत कर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। यह सुविधा परीक्षार्थी के निवास स्थान से परीक्षा केंद्र तक ‘एक बार जाने और एक बार वापस लौटने’ के लिए ही मान्य होगी।
दुरुपयोग रोकने के लिए कड़े निर्देश
निगम ने साफ किया है कि यह निःशुल्क यात्रा सुविधा केवल एचआरटीसी की साधारण बसों में ही मिलेगी, लग्जरी या डीलक्स बसों में यह मान्य नहीं होगी। इसके साथ ही, इस सुविधा का कोई गलत फायदा न उठा सके, इसके लिए बस परिचालकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। कंडक्टर सफर करने वाले अभ्यर्थी के एडमिट कार्ड पर यात्रा का आवश्यक विवरण दर्ज करेंगे।
एचआरटीसी के सभी इकाई अधिकारियों को इन आदेशों का कड़ाई से पालन करने और इस रियायत का लाभ उठाने वाले विद्यार्थियों का समुचित रिकॉर्ड बनाए रखने के आदेश जारी किए गए हैं।
इस अनूठी पहल का मुख्य उद्देश्य परीक्षा के तनाव के बीच नीट अभ्यर्थियों को आर्थिक राहत देना है, ताकि उनकी यात्रा सुगम, सुरक्षित और बिना किसी मानसिक परेशानी के पूरी हो सके।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
