-
Advertisement
First Hand : लॉकडाउन-4.0 के बीच Himachal Cabinet की बैठक शुरू, आर्थिक गतिविधियों पर अहम चर्चा
शिमला। लॉकडाउन-4.0 के बीच हिमाचल मंत्रिमंडल (Himachal Cabinet) की बैठक प्रदेश सचिवालय में शुरू हो गई है। सीएम जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में हो रही बैठक में प्रदेश में आर्थिक गतिविधियों से संबंधित कई फैसले होने हैं। बैठक में कैबिनेट सब कमेटी की सिफारिशों पर चर्चा होने के साथ-साथ प्रदेश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को लेकर भी चर्चा होनी है। प्रदेश सरकार स्कूलों को कब से शुरू किया जाए, इस पर कई मर्तबा पहले भी चर्चा कर चुकी है, इस पर कोई भी निर्णय लेने से पहले आज एक बार फिर से चर्चा होनी है। इस बीच प्रदेश में टैक्सियों, ऑटो रिक्शा व अन्य छोटे यात्री वाहनों की आवाजाही को लेकर परिवहन विभाग ने दिशा-निर्देश तैयार कर मंजूरी के लिए सरकार को भेज दिए हैं। अब सरकार को इस पर अंतिम फैसला लेना है। इस बाबत भी आज कैबिनेट में चर्चा होनी है।
यह भी पढ़ें: Corona in India : दो हफ्ते में 74 हजार से डेढ़ लाख पहुंचा कोरोना मरीजों का आंकड़ा

टैक्सी चलाने के लिए तीन प्लस एक का फार्मूला
परिवहन विभाग की ओर से तैयार किए गए दिशा-निर्देशों के तहत टैक्सी (Taxi) चलाने के लिए तीन प्लस एक का फार्मूला अपनाया है। यानी एक टैक्सी में चालक के अलावा तीन सवारियां बैठ सकेंगी। एक चालक के साथ वाली सीट और दो पीछे बैठेंगे। टैक्सी के अलावा सरकार ने अन्य यात्री वाहनों जैसे ई-रिक्शा, ऑटो रिक्शा में भी सवारियों को बिठाने के लिए नए नियम तैयार किए हैं। ई-रिक्शा में नए नियमों के तहत ड्राइवर के अलावा चार सीटें होती हैं। इसमें अब ड्राइवर के अलावा दो यात्री ही बैठ सकेंगे। वहीं, ऑटो रिक्शा, थ्री व्हीलर में ऐसे चालक के अलावा तीन सवारियां होती हैं। इसमें भी दो ही सवारियां बैठ सकेंगी। टैक्सी व ऑटो में चालक सहित यात्रियों को मास्क पहनना अनिवार्य होगा। यह वाहन कंटेनमेंट जोन से ना तो सवारियां उठाएंगे और ना ही वहां पर रुकेंगे। निजी वाहनों के लिए भी यही व्यवस्था होगी।

