- Advertisement

हिमाचल कांग्रेस का बड़ा दांव- मंत्रियों को मिलेगी जिलों की कमान, यूथ और महिला कांग्रेस प्रदेश में निकालेंगी यात्राएं
Himachal Congress: हिमाचल प्रदेश में ‘मिशन 2027’ को फतह करने के लिए कांग्रेस ने अभी से अपनी रणनीतिक बिसात बिछानी शुरू कर दी है। शिमला में आयोजित दो दिवसीय मैराथन बैठकों के बाद कांग्रेस संगठन और सरकार के बीच तालमेल को चरम पर ले जाने के लिए कई बड़े फैसलों का ऐलान किया गया है। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल और प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने संयुक्त रूप से सरकार-संगठन के नए समन्वय मॉडल की घोषणा करने के साथ ही राम मंदिर चंदा विवाद और नीट (NEET) पेपर लीक मामले पर केंद्र की बीजेपी सरकार के खिलाफ आर-पार की जंग का एलान कर दिया है।
सरकार और संगठन में तालमेल: मंत्रियों को सौंपे जाएंगे जिले
हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने बताया कि सरकार और संगठन के बीच बेहतर संवाद व समन्वय स्थापित करने के लिए प्रत्येक मंत्री को एक-एक जिले की कमान (जिम्मेदारी) सौंपी जाएगी।संबंधित जिले में संगठन के उपाध्यक्ष और महासचिव भी संबंधित मंत्री के साथ तालमेल में रहेंगे ताकि जमीनी स्तर पर कार्यों की निगरानी हो सके।कांग्रेस हर तीन महीने में इन मंत्रियों और प्रभारियों के कार्यों की समीक्षा (Review) करेगी।बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए यूथ कांग्रेस और महिला कांग्रेस प्रदेशभर में यात्राएं निकालेंगी और सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएंगी।
16-17 जुलाई को धर्मशाला में महामंथन
रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए आगामी 16 और 17 जुलाई को धर्मशाला में पॉलिटिकल एडवाइजरी कमेटी की एक अहम बैठक बुलाई गई है। इस बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव के. सी. वेणुगोपाल करेंगे, जिसमें सभी कांग्रेस विधायक और कमेटी के सदस्य शामिल होकर आगामी रोडमैप तैयार करेंगे।
“राम के नाम पर बीजेपी ने किया धंधा”
राम मंदिर चंदा चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने सीधे बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व पर निशाना साधा। उन्होंने कहा इस घोटाले में केवल ‘छोटी-छोटी मछलियों’ को पकड़ा जा रहा है, जबकि पर्दे के पीछे बड़ी शक्तियां मौजूद हैं। राम के नाम पर भाजपा ने धंधा किया है। पाटिल ने मांग की कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कर असली गुनहगारों को बेनकाब किया जाए। कांग्रेस इस मुद्दे को आंदोलन के रूप में पूरे प्रदेश की जनता के बीच ले जाएगी।
“इनका नारा था ‘राम को लाएंगे’, हमें नहीं पता था ‘राम को खाएंगे
हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने भी तीखे तेवर अपनाते हुए केंद्र सरकार और भाजपा पर बड़ा हमला बोला। राम मंदिर चंदा विवाद पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “इनका नारा था ‘राम को लाएंगे’, लेकिन हमें यह नहीं पता था कि ये ‘राम को खाएंगे’।” उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ही असली सनातनी है और राम मंदिर का दरवाजा भी कांग्रेस ने ही खुलवाया था, मगर इस पूरे घोटाले पर पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह चुप्पी साधे हुए हैं।
NEET पेपर लीक और मनरेगा को लेकर प्रदेशव्यापी प्रदर्शन की चेतावनी
विनय कुमार ने केंद्र सरकार पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि NEET पेपर लीक जैसे मामलों ने देश के युवाओं को अधर में लटका दिया है, जिसके खिलाफ कांग्रेस प्रदेशभर में उग्र प्रदर्शन करेगी। इसके अलावा, उन्होंने केंद्र सरकार पर हिमाचल विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र ने राज्य की आरडीजी (RDG) बंद कर दी है और मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना को भी खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है।
संजू चौधरी

