-
Advertisement
अग्निपथ भर्ती योजना के खिलाफ आज हिमाचल कांग्रेस का सत्याग्रह, सभी ब्लॉक में प्रदर्शन
हिमाचल अभी अभीः अग्निपथ भर्ती योजना के खिलाफ हिमाचल कांग्रेस आज प्रदेशभर में सत्याग्रह कर रही है। इस दौरान प्रदेश के सभी ब्लॉक में प्रदर्शन किया जा रहा है। राजधानी शिमला के नाज में कांग्रेस की शिमला शहरी कमेटी के कार्यकर्ता अग्निपथ स्कीम का विरोध कर रहे हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सरकार को इसे अपनी प्रतिष्ठा का प्रश्न नहीं बनाना चाहिए। देश हित में इसे रद्द करते हुए पूर्व में निर्धारित नियमों के अनुसार ही सेना में भर्ती की जानी चाहिए। मोदी सरकार सार्वजनिक उपक्रमों को बेचने के बाद अब सेना को भी ठेकेदारी पर देने जा रही है। मोदी सरकार अग्निपथ जैसी स्कीम लाकर अब सेना को भी कमजोर करने में कसर नहीं छोड़ रही है।

ऊना में केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना के विरोध में गगरेट के पूर्व विधायक राकेश कालिया की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गगरेट के घनारी में जोरदार प्रदर्शन करते हुए इस योजना को वापस लेने की मांग उठाई। इस मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस योजना को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राकेश कालिया ने कहा कि केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना भारतीय सेना को कमजोर करने की कोशिश है और इसके साथ-साथ युवाओं के साथ भी बहुत बड़ा छलावा है।

ऊना में हरोली कांग्रेस ने अग्निपथ योजना के विरोध में सोमवार को औद्योगिक क्षेत्र टाहलीवाल में सत्याग्रह आंदोलन चलाया। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विनोद बिट्टू की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने टाहलीवाल में रोष रैली निकाली और केंद्र सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। इस रोष रैली के दौरान कांग्रेसियों ने एक स्वर में अग्निपथ योजना को देश के युवाओं के साथ छलावा करार देते हुए इस योजना को वापिस लेने की मांग उठाई।
हिमाचल और देश-दुनिया के ताजा अपडेट के लिए like करे हिमाचल अभी अभी का facebook page

