- Advertisement -
शिमला। हिमाचल सरकार (Himachal Government) ने राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय के सम्मान में रविवार को पीटरहॉफ (Peterhof) में हाई-टी का आयोजन किया। इस मौके पर सीएम जयराम ठाकुर ने राज्यपाल को पारंपरिक हिमाचली टोपी और शॉल तथा भारतीय और बौद्ध संस्कृति की प्रतीक थंका पेंटिंग भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर राज्यपाल (Governor) ने कहा कि हिमाचल प्रदेश बहुत ही सुंदर प्रदेश है और यहां के लोग परिश्रमी, विकासशील और संतोषी है। लोगों के मन में बहुत पवित्रता, भोलापन व अपनापन है। उन्होंने कहा कि हिमाचल (Himachal) को छोड़कर जाना उनके लिए बहुत ही भावुक क्षण हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों के अपार स्नेह की यादें अपने साथ लेकर जा रहा हूं। उन्होंने कहा कि इस दौरान हर वर्ग, सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक, सांस्कृतिक संस्थाओं और सभी संगठनों का तथा सरकार के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उन्हें भरपूर सहयोग मिला है।
बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है। सीएम जय राम ठाकुर (CM Jai Ram Thakur) के नेतृत्व में सरकार अच्छा कार्य कर रही है। इन दो सालों में उन्होंने जिन हिस्सों का दौरा किया, विकास की दस्तक को अनुभव किया है। उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश रही है कि पर्यटन, कौशल विकास और टेक्नोलॉजी पर अधिक फोकस रहे। उन्होंने कहा कि भविष्य में स्वास्थ्य संसाधनों को और सुदृढ़ करना है और इसे ग्रामीण क्षेत्र तक मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि राज्य को विशेषकर पर्यावरण पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए। यहां के वन राज्य की शोभा हैं, इसलिए हरित आवरण को बढ़ना चाहिए।
सीएम जय राम ठाकुर ने कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय (Governor Bandaru Dattatreya) के 1 वर्ष और 10 महीने के कार्यकाल के दौरान हिमाचल प्रदेश को उनका आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। उन्होंने आशा व्यक्त कि की निवर्तमान राज्यपाल को भी इस छोटे से पहाड़ी राज्य का सुखद अनुभव प्राप्त हुआ होगा। जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य के राज्यपाल के रूप में बंडारू दत्तात्रेय जैसे सज्जन और कर्मयोगी व्यक्तित्व पर प्रदेश और प्रदेशवासियों को गर्व है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल ने हिमाचल प्रदेश के लोगों के दिलों पर अमिट छाप छोड़ी है। उन्होंने निवर्तमान राज्यपाल को भी उनके द्वारा प्राप्त स्नेह और मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त करने के साथ उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु के लिए प्रार्थना की।
- Advertisement -