- Advertisement

हिमाचल सरकार की तैयारी: हिमकेयर की जगह बीमा-आधारित योजना, मरीजों को मिलेगा कैशलेस इलाज
Himachal News: हिमाचल प्रदेश सरकार राज्य के नागरिकों को बेहतर और पारदर्शी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक बड़ा बदलाव करने जा रही है। प्रदेश सरकार वर्तमान में चल रही ‘हिमकेयर योजना’ की जगह एक नई इंश्योरेंस-आधारित (बीमा-आधारित) स्वास्थ्य योजना लागू करने की तैयारी में है। इस नई व्यवस्था को अंतिम रूप देने के लिए विभागीय स्तर पर औपचारिकताएं तेजी से पूरी की जा रही हैं, और जल्द ही बीमा कंपनी के चयन के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
पात्र मरीजों को मिलेगा कैशलेस इलाज
नई व्यवस्था के प्रभावी होते ही राज्य के पात्र मरीजों को अस्पतालों में कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी। सरकार का मुख्य ध्यान स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार करने के साथ-साथ पूरी प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने पर है।
डिजिटल सत्यापन से थमेगी फर्जी क्लेम पर रोक
स्वास्थ्य विभाग की इस नई योजना का प्रमुख उद्देश्य अस्पतालों के दावों की निगरानी को मजबूत करना और फर्जी क्लेम पर प्रभावी अंकुश लगाना है।मरीजों के इलाज, कराई गई जांचों और अस्पतालों द्वारा जमा किए गए दावों का डिजिटल माध्यम से सत्यापन किया जाएगा।चयनित बीमा कंपनी भुगतान करने से पहले यह सुनिश्चित करेगी कि दावे में शामिल मेडिकल जांचें और उपचार वास्तव में मरीज को दिए गए थे या नहीं।इस कदम से अनावश्यक जांचों, फर्जी बिलिंग और गलत भुगतानों की संभावना पूरी तरह खत्म होगी।
प्रतिस्पर्धी टेंडर से होगा कंपनी का चयन
सरकार एक प्रतिस्पर्धी टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से बीमा कंपनी का चयन करेगी। चयनित बीमा कंपनी न केवल योजना का सुचारू संचालन करेगी, बल्कि तय मानकों के अनुरूप अस्पतालों के क्लेम का समयबद्ध निस्तारण भी सुनिश्चित करेगी। स्वास्थ्य सचिव आशीष सिंहमार ने बताया कि हिमकेयर योजना के स्थान पर नई इंश्योरेंस-आधारित स्वास्थ्य योजना लाई जा रही है। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी होगी और इससे राज्य के पात्र मरीजों को पहले से अधिक गुणात्मक और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
अनु गुप्ता
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

