-
Advertisement
हिमाचल पुलिस के हत्थे चढ़ा नशा तस्कर गिरोह का सरगना, चि#ट्टा बेच ड्रीम-11 में लगाता था पैसे
Chitta Smuggler Arrested: हिमाचल में नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त अभियान चलाए हुए है। अब तक कई नशा तस्करों को पुलिस सलाखों के पीचे पहुंचा चुकी है। इसी बीच शिमला पुलिस ने शर्मा गिरोह के सरगना को गाजियाबाद के एक होटल से गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम अशोक खजूरिया उर्फ शर्मा उर्फ बिल्ला है और यह जम्मू-कश्मीर का रहने वाला है। अशोक पंजाब, जम्मू-कश्मीर से शिमला और हिमाचल प्रदेश में विभिन्न जगहों पर नशे के सामानकी तस्करी करता था। पुलिस उसे बीती शाम को शिमला लेकर आई।
मोहाली में सात साल जेल काट चुका है आरोपी
पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी। शिमला पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया और इसको पकड़ने में बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी ड्रग्स से कमाए पैसे को हरियाणा के हिसार जिले में एक व्यक्ति को देता था और आईपीएल ड्रीम 11 में सट्टा लगाता था। इससे पहले अशोक के खिलाफ एसटीएफ मोहाली ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। उस मामले में उसके पास से 5 किलो चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई थी। इस मामले में वो करीब 7 साल जेल में रह चुका है।
अशोक के भतीजे को किया जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार
दराअसल शिमला पुलिस ने शर्मा गिरोह के एक सदस्य मोती शर्मा को 10 अप्रैल को 23.720 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया था। इसके बाद पुलिस को पता चला कि ये मोती शर्मा एक गिरोह से जुड़ा हुआ है। पुलिस ने 19 अप्रैल को अशोक के भतीजे को जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार किया, जो इसके काले कारोबार में संलिप्त था। साथ ही इसका एक अन्य साथी संजय कुमार को हमीरपुर से 130 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा। इसके बाद से पुलिस शर्मा गिरोह से सरगना की तलाश में जुट गई।
गाजियाबाद के एक होटल से पकड़ा तस्कर
पहले पुलिस ने जम्मू-कश्मीर में दबिश दी लेकिन पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा। इसके बाद पुलिस ने गाजियाबाद के एक होटल से अशोक खजूरिया उर्फ शर्मा उर्फ बिल्ला को दबोचा। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है। एसपी शिमला संजीव गांधी को अनुसार पुलिस को जांच के दौरान इसका नाम पता चला था । पुलिस ने जाल बिछा कर इसको गिरफ्तार किया है। आज इसे कोर्ट में रिमांड के लिए पेश किया जाएगा।
संजू चौधरी

