-
Advertisement
हिमाचल का 56683.69 करोड़ रुपए का बजट पास
Last Updated on March 30, 2023 by saroj patrwal
शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा (Himachal Vidhansabha)ने बुधवार को राज्य का वर्ष 2023-24 का 56683.69 करोड़ रुपए से अधिक का बजट (Budget) पारित कर दिया। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू (CM Sukhwinder Singh Sukhu) ने इस संबंध में विधानसभा में हिमाचल प्रदेश विनियोग विधेयक 2023 पेश किया, जिसे सदन ने दोपहर बाद 3.30 बजे ध्वनिमत से पारित कर दिया। इसी के साथ राज्य की संचित निधि से वित्त वर्ष 2023-24 के लिए राज्य सरकार को 566836982000 रुपए की राशि खर्च करने का अधिकार मिल गया है। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बीते 17 मार्च को प्रदेश विधानसभा में अगले वित्त वर्ष का बजट पेश किया था। इस बजट पर 20 से 23 मार्च तक सदन में सत्तापक्ष और विपक्ष ने विस्तृत चर्चा की। 27 से 29 मार्च तक विपक्ष द्वारा विभिन्न विभागों को लेकर लाए गए कटौती प्रस्तावों पर चर्चा हुई और सदन ने सभी कटौती प्रस्तावों को चर्चा के बाद ध्वनिमत से नामंजूर कर दिया।
सदन की दो बैठकें निलंबित
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र की शुक्रवार 31 मार्च और शनिवार पहली अप्रैल को होने वाली दो बैठकें निलंबित कर दी गई हैं। इस संबंध में संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने बुधवार को सदन में प्रस्ताव पेश किया। इस प्रस्ताव को विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने सदन की अनुमति के लिए रखा। सदन ने इसे आमराय से पारित कर दिया। इस पर विधानसभा अध्यक्ष ने व्यवस्था दी कि 31 मार्च और पहली अप्रैल को लगने वाले सभी सवालों के जवाब सदस्यों को लिखित तौर पर भेज दिए जाएंगे। शेष कामकाज आने वाले दिनों में होने वाली बैठकों में निपटाया जाएगा।