-
Advertisement
हिमाचल में बच्चों का पलायन रोकने के लिए बनेंगे स्मार्ट स्कूल: चंद्रकुमार
ज्वाली। कृषि और पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने शुक्रवार को कहा कि सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता (Quality Of Education) को सुधारने के साथ स्कूलों से बच्चों के पलायन (Migration Of Children) को रोकने तथा उनकी संख्या बढ़ाने के लिए स्कूलों के मॉडल क्लस्टर (Model Cluster) बनाए जाएंगे। इसके तहत प्रदेश में पहले चरण में 50 स्मार्ट स्कूल (Smart School) तैयार किए जाएंगे, जिनमें सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जायेंगीं। चंद्र कुमार ज्वाली विधानसभा क्षेत्र के जीएसएस स्कूल में आयोजित उपमंडल स्तरीय चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने शिक्षकों से भी सरकारी स्कूलों से विद्यार्थियों के पलायन को रोकने के लिए कारगर कदम उठाने के लिए कहा। कृषि मंत्री ने कहा कि ज्वाली स्कूल परिसर में चल रहे डिग्री कॉलेज के लिए भूमि चिन्हित कर ली गई है, जिस पर जल्द भव्य कॉलेज भवन का निर्माण किया जाएगा, जबकि इस स्कूल के आधारभूत ढांचे को और बेहतर बनाया जाएगा।
ओलंपियाड में मॉडल्स का किया निरीक्षण
मैथमैटिक्स ओलंपियाड, साइंस क्विज़ तथा मॉडल प्रतिस्पर्धा में 71 स्कूलों के 440 बच्चों ने भाग लिया। इस अवसर पर कृषि मंत्री ने बच्चों द्वारा तैयार किये गए मॉडल का निरीक्षण कर बच्चों से मॉडल बारे विस्तृत जानकारी हासिल की।
गुगलाड़ा स्कूल में बैडमिंटन कोर्ट की घोषणा
प्रो. चंद्र कुमार ने जीएसएस स्कूल गुगलाड़ा में चार दिवसीय जिला स्तरीय अंडर-14 ब्वॉयज टूर्नामेंट (U14 Boys Tournament) के समापन अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस टूर्नामेंट में ज़िला के 20 स्कूलों के 370 बच्चों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में भाग लिया। कृषि मंत्री ने गुगलाड़ा स्कूल में इंडोर बैडमिंटन कोर्ट (Badminton Court) बनाने की घोषणा की। उन्होंने स्कूल में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए अपनी तरफ से 10 हज़ार रुपए देने की घोषणा की।
