- Advertisement

हिमाचल के बेटे का कमाल: IFS विश्वेश नेगी ईरान में भारत के नए राजदूत नियुक्त, किन्नौर में जश्न
IFS Vishwesh Negi appointed Ambassador of India to Iran: भारतीय विदेश सेवा (IFS) के 2002 बैच के वरिष्ठ राजनयिक विश्वेश नेगी को ईरान में भारत का नया राजदूत (Ambassador) नियुक्त किया गया है। वर्तमान में वे भारत सरकार के विदेश मंत्रालय (MEA) में संयुक्त सचिव (ओशिआनिया) के पद पर कार्यरत थे।विश्वेश नेगी मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले किन्नौर की पूह तहसील स्थित कानम गांव के रहने वाले हैं। उनकी इस उपलब्धि से न केवल किन्नौर बल्कि पूरे प्रदेश में खुशी की लहर है।
लंबा कूटनीतिक अनुभव और अहम जिम्मेदारियां
विश्वेश नेगी के पास वैश्विक मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का एक लंबा और शानदार अनुभव है।
विदेशों में भारतीय मिशन: उन्होंने तेहरान (ईरान) में द्वितीय सचिव (राजनीतिक), रोम (इटली) में प्रथम सचिव (राजनीतिक) और लंदन (यूनाइटेड किंगडम) में मंत्री (राजनीतिक एवं प्रेस) के रूप में अपनी सेवाएं दी हैं।
रक्षा मंत्रालय में भूमिका: विदेश मंत्रालय में ओशिआनिया प्रभाग संभालने से पहले, वे वर्ष 2022 से 2025 तक नई दिल्ली में रक्षा मंत्रालय के संयुक्त सचिव (अंतरराष्ट्रीय सहयोग) पद पर तैनात रहे।
मुख्यालय में सेवाएं: विदेश मंत्रालय मुख्यालय में उन्होंने संयुक्त राष्ट्र (UN), पाकिस्तान-अफगानिस्तान और श्रीलंका प्रभागों में निदेशक, उप सचिव और अवर सचिव जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं।
हिमाचल विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा और फारसी भाषा पर पकड़
नेगी का शैक्षणिक सफर भी काफी प्रभावशाली रहा है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) से अर्थशास्त्र और लोक प्रशासन में स्नातकोत्तर (Master’s) की डिग्री हासिल की है।वर्ष 2008 में उन्होंने अमेरिका की जॉर्ज वॉशिंगटन यूनिवर्सिटी के ‘इलियट स्कूल ऑफ इंटरनेशनल अफेयर्स’ से अमेरिकी विदेश नीति में डिप्लोमा प्राप्त किया। ईरान में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिहाज से सबसे खास बात यह है कि वे फ़ारसी (Persian) भाषा में पूरी तरह निपुण हैं, जो वहाँ के कूटनीतिक संबंधों को और मजबूत करने में मददगार साबित होगी।
किन्नौर और हिमाचल में गर्व की लहर
जनजातीय जिले किन्नौर के एक छोटे से गांव कानम से निकलकर दुनिया के प्रमुख देशों में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले विश्वेश नेगी की इस नई नियुक्ति से उनके गृह क्षेत्र में बेहद खुशी है। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने उनकी इस उपलब्धि को राज्य के लिए बड़े गर्व का विषय बताया है।
अमित नेगी
