-
Advertisement
सिरमौर में बड़ा हादसा: राजगढ़ में जमींदोज हुआ मकान; मलबे में दबने से मां-बेटी की मौत, दो मासूम घायल
House Collapses in Rajgarh: सिरमौर जिले के राजगढ़ उपमंडल के छिछड़ियाधार गांव में बुधवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक हादसा पेश आया। यहाँ एक तीन मंजिला मकान अचानक ताश के पत्तों की तरह भरभराकर गिर गया। हादसे के समय मकान के अंदर एक ही परिवार के चार सदस्य मौजूद थे, जो देखते ही देखते मलबे के नीचे दब गए। उपचार के दौरान मां और बेटी ने दम तोड़ दिया, जबकि दो मासूम बच्चियां गंभीर रूप से घायल हुई हैं।
ग्रामीणों और युवाओं ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसा दोपहर करीब 12 बजे हुआ। मकान गिरने की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और युवा तुरंत मौके की ओर दौड़े। बिना समय गंवाए स्थानीय लोगों ने मलबे को हटाना शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद चारों दबे हुए लोगों को बाहर निकालकर सिविल अस्पताल राजगढ़ पहुंचाया।
मायके आई बेटी की मां के साथ हुई दर्दनाक मौत
अस्पताल में इलाज के दौरान मकान मालिक भीम सिंह की 60 वर्षीय पत्नी निर्मला देवी और उनकी 32 वर्षीय विवाहित बेटी पूजा ने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि पूजा इन दिनों अपने मायके आई हुई थी। हादसे में घायल अबियाना (1.5 वर्ष – ) का राजगढ़ अस्पताल में उपचार जारी है जबकि ईरा (1.5 वर्ष ) हालत गंभीर होने के कारण उसे सोलन अस्पताल रेफर किया गया है।
चंद मिनटों के अंतर से टला और बड़ा हादसा
हादसे में एक ओर जहाँ दो जिंदगियां चली गईं, वहीं दूसरी ओर एक बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गया। हादसे से महज कुछ ही मिनट पहले परिवार की बहू किसी काम से घर से बाहर निकली थी, जबकि मकान मालिक भीम सिंह भी हादसे के वक्त घर पर मौजूद नहीं थे। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम राजगढ़ सहित प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को इस दुखद घड़ी में हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को तिरपाल और अन्य राहत सामग्री भी मुहैया करवाई जा रही है। घटना के बाद से पूरे छिछड़ियाधार क्षेत्र में मातम का माहौल है।
एचके पंडित
