-
Advertisement
HRTC कर्मियों को पहली तारीख को मिलेगा वेतन, नाइट ओवरटाइम सहित इन मांगों पर लगी मुहर
Himachal News: हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) चालक यूनियन ने हड़ताल वापस ले ली है। निगम के चालकों व परिचालकों ने पहली अगस्त से आठ घंटे ड्यूटी देने का ऐलान किया था। डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री से लंबी वार्ता के बाद कर्मचारियों की लगभग सभी मांगों पर सहमति बन गई है। इसके बाद कर्मचारियों ने आठ घंटे की ड्यूटी के फैसले को वापस ले लिया है। 202 चालक को वरिष्ठ चालक का पद नाम देने का निर्णय हुआ है।
चालक को वरिष्ठ चालक की पदोन्नति
डिप्टी सीएम के आवास पर आयोजित की गई, जिसमें दो घंटे तक व्यापक चर्चा के बाद यूनियन की प्रमुख मांगों पर सहमति बनी। बैठक में लंबित मांगों को विस्तार से प्रस्तुत करते हुए यूनियन प्रतिनिधियों ने सरकार से शीघ्र समाधान की मांग की। वार्ता में HRTC चालक परिचालकों के दो महीने के नाइट ओवर टाइम की अदायगी, पहली तारीख को सैलरी, चालक को वरिष्ठ चालक की पदोन्नति सहित अन्य मांगों पर सहमति बनी है।
छह महीने का चिकित्सा प्रतिपूर्ति भत्ता
चालक परिचालक यूनियन के अध्यक्ष मान सिंह ठाकुर ने बताया कि डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री के साथ HRTC चालक परिचालक यूनियन की सौहार्दपूर्ण माहौल में बैठक हुई है जिसमें लगभग सभी मांगों पर सहमति बनी है। डिप्टी सीएम ने पहली तारीख को सैलरी देने की मांग को माना है। इसके अलावा 202 वरिष्ठ चालक के पद नाम, छह महीने का चिकित्सा प्रतिपूर्ति भत्ता, नई वर्दी के पैसे सहित सभी वित्तीय देनदारियों को दो से तीन महीने में देने का आश्वासन मिला है।
एचआरटीसी को 150 करोड़ रुपये का ऋण लेने की स्वीकृति
पेंशनरों के हित में भी प्रदेश सरकार ने बड़ा निर्णय लेते हुए एचआरटीसी को 150 करोड़ रुपये का ऋण लेने की स्वीकृति दी है, जो राज्य सरकार की गारंटी पर सरकारी बैंक से लिया जाएगा। इस ऋण पर ब्याज का भुगतान हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा किया जाएगा। यह प्रस्ताव कैबिनेट की स्वीकृति के उपरांत प्रभावी होगा।
कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए संवेदनशील
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों के प्रति संवेदनशील है तथा उनके न्यायोचित हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी कर्मचारियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।इस बैठक में प्रबंध निदेशक डॉ. निपुण जिंदल, वरिष्ठ अधिकारी व एचआरटीसी की ड्राइवर यूनियन के प्रधान मान सिंह ठाकुर और अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
संजू चौधरी
