-
Advertisement
धर्मशाला में गरमाई सियासत: 1500 रुपये की गारंटी पर बीजेपी का दोहरा हमला, मांगे 4 साल के 72 हजार रुपये
Himachal Vidhansabha: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के बीच महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये देने की कांग्रेस की चुनावी गारंटी को लेकर सियासत पूरी तरह गरमा गई है। बीजेपी ने आज इस मुद्दे पर प्रदेश की कांग्रेस सरकार को विधानसभा के अंदर और बाहर, दोनों मोर्चों पर घेरने की रणनीति अपनाई है। एक ओर जहां विधानसभा परिसर में । बीजेपी विधायकों ने जोरदार प्रदर्शन किया, वहीं दूसरी ओर जोरावर स्टेडियम में । बीजेपी महिला मोर्चा जनसम्मेलन के जरिए सरकार के खिलाफ हुंकार भरने जा रहा है।
विधानसभा परिसर में प्रदर्शन, मांगे 72 हजार रुपये
विधानसभा परिसर में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में बीजेपी विधायकों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी और प्रदर्शन किया। विधायकों ने कांग्रेस सरकार को सत्ता में आने से पहले महिलाओं से किए गए 1500 रुपये प्रतिमाह के वादे की याद दिलाई। बीजेपी नेताओं का तर्क है कि सरकार के कार्यकाल के चार साल पूरे होने जा रहे हैं, और इस हिसाब से प्रत्येक महिला का 72 हजार रुपये बकाया बनता है। विपक्ष ने मांग की है कि सरकार महिलाओं को केवल कोरे आश्वासन देने के बजाय उन्हें पूरी बकाया राशि का भुगतान करे।
कांग्रेस ने महिलाओं के नाम पर मांगे थे वोट: जयराम ठाकुर
प्रदर्शन के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा, “कांग्रेस पार्टी ने विधानसभा चुनाव के दौरान प्रदेश की महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये देने की गारंटी दी थी। आज सरकार को सत्ता में आए चार साल होने जा रहे हैं, लेकिन प्रदेश की लाखों महिलाएं आज भी इस इंतजार में हैं कि उन्हें उनका अधिकार कब मिलेगा। जयराम ठाकुर ने आगे कहा कि चार साल के हिसाब से प्रत्येक महिला के 72 हजार रुपये बनते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि महिलाओं से किया गया यह वादा कब पूरा होगा? कांग्रेस ने महिलाओं के नाम पर वोट मांगे थे और अब उन्हें जवाब देना चाहिए। बीजेपी की स्पष्ट मांग है कि प्रदेश की सभी पात्र महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह दिए जाएं और अब तक की बकाया राशि का भी एकमुश्त भुगतान किया जाए।
जोरावर स्टेडियम में महिला मोर्चा का जनसम्मेलन
सदन के भीतर और परिसर में विरोध जताने के साथ-साथ बीजेपी ने बाहर भी सरकार की घेराबंदी तेज कर दी है। धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में आज दोपहर बाद बीजेपी महिला मोर्चा का एक विशाल जनसम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इस सम्मेलन के माध्यम से महिला मोर्चा कांग्रेस सरकार को उसकी चुनावी गारंटी याद दिलाएगा।भाजपा का कहना है कि इस योजना का लाभ प्रदेश की केवल चुनिंदा महिलाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि हिमाचल की सभी 28 लाख महिलाओं को इस गारंटी का हक मिलना चाहिए। कुल मिलाकर, धर्मशाला में आज बीजेपी के दोहरे हमले से राजनीतिक पारा चढ़ा हुआ है और अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि कांग्रेस सरकार विपक्ष के इन सवालों पर क्या जवाब देती है।
रविंद्र चौधरी
