-
Advertisement
झंडूता म#र्डर केस का खुलासा: लापता ग्रामीण का हुआ क#त्ल, पुलिस ने आरोपी भाई और भाभी को भेजा सलाखों के पीछे
Himachal News: बिलासपुर जिला के तहत थाना झंडूता के तहत समलेटू गांव में लापता मदन लाल की संदिग्ध गुमशुदगी का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मदन लाल की उसके ही बड़े भाई और भाभी ने पत्थर से हमला कर हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को झील में फेंक दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
कहासुनी के बाद सिर पर किया पत्थर से वार
पुलिस जांच के अनुसार, 11 सितंबर की शाम करीब 7:30 बजे मदन लाल का अपने बड़े भाई बिशन दास और भाभी रानो देवी के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। बहस बढ़ने पर आरोपितों ने मदन लाल के सिर पर पत्थर से जोरदार वार कर दिया, जिससे उसके सिर पर गहरा घाव लगा और उसकी मौत हो गई। इसके बाद दोनों आरोपितों ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को चांगरू स्थित झील में फेंक दिया।
13 सितंबर को दर्ज करवाई गई थी गुमशुदगी
घटना के बाद 13 सितंबर को मृतक के भाई रोशन लाल ने झंडूता थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी कि मदन लाल बिना बताए कहीं चला गया है। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर तलाश शुरू की। जांच के दौरान 15 सितंबर को शिकायतकर्ता ने पुलिस को 11 सितंबर को हुए झगड़े की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए और संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें पूरे मामले की परतें खुल गईं।
बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (हत्या) और धारा 3(5) (सामूहिक दायित्व) के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों बिशन दास और रानो देवीको गिरफ्तार कर लिया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। वर्तमान में गोताखोरों की मदद से चांगरू झील में मदन लाल के शव की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और नए तथ्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सुभाष कुमार
