-
Advertisement
शिमला के संजौली में दरकी पहाड़ी, मलबे में दबीं 5 बाइकें और स्कूटी; प्रदेश के 3 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
Shimla landslide : हिमाचल में जारी मूसलाधार बारिश के बीच राजधानी शिमला के संजौली स्थित समिट्री क्षेत्र में सोमवार देर रात करीब 10:10 बजे एक भयानक हादसा सामने आया। यहाँ अचानक पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा दरकने से भारी मात्रा में मलबा और चट्टानें मुख्य सड़क पर आ गिरीं। मलबे की चपेट में आकर सड़क किनारे खड़ी एक स्कूटी और पांच मोटरसाइकिलें पूरी तरह दब गईं। लैंडस्लाइड इतना भयंकर था कि बिजली के खंभे उखड़कर सड़क पर आ गिरे, जिससे पूरे क्षेत्र की बत्ती गुल हो गई।
मची अफरा-तफरी, बाल-बाल बचे लोग
भूस्खलन के वक्त आसपास मौजूद लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। अचानक हुए हादसे से मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। इस घटना के बाद से संजौली वार्ड की एंबुलेंस सड़क पूरी तरह ठप हो गई है। स्थानीय निवासियों के अनुसार लगातार हो रही बारिश से पहाड़ी से भूस्खलन का खतरा पहले से बना हुआ था। देर रात हुए इस हादसों के बाद निचली ओर बने मकानों पर भी खतरे के बादल मंडराने लगे हैं, जिससे स्थानीय लोग गहरे खौफ में हैं।
पार्षद मौके पर पहुंचे, सुबह शुरू होगा मलबा हटाने का काम
घटना की सूचना मिलते ही संजौली वार्ड के पार्षद विनीत शर्मा खुद मौके पर पहुंचे और तुरंत स्थिति का जायजा लेकर नगर निगम प्रशासन को सूचित किया। रात के वक्त भारी मलबा और अंधेरा होने के कारण सड़क बहाल नहीं की जा सकी। नगर निगम प्रशासन की टीमें मंगलवार सुबह जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर तैनात की जाएंगी ताकि मलबा हटाकर एंबुलेंस मार्ग को खोला जा सके। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पहाड़ी का तुरंत सुरक्षा निरीक्षण करवाने और प्रभावित मकानों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम करने की गुहार लगाई है।
3 जिलों में ऑरेंज और 6 में यलो अलर्ट जारी
सोमवार रात शिमला सहित प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) ने मंगलवार को राज्य के 3 प्रमुख जिलों—कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में अत्यंत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।इसके अलावा छह अन्य जिलों—ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, शिमला और सोलन में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।कुल्लू में बारिश के अलर्ट को देखते हुए शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित कर दिया है।
अगले एक हफ्ते तक जारी रहेगा मानसून का दौर
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून की सक्रियता अगले एक सप्ताह तक बनी रहेगी और फिलहाल बारिश से कोई राहत मिलने के आसार नहीं हैं। हालांकि, मंगलवार के बाद वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) के थोड़ा कमजोर पड़ने की उम्मीद है, लेकिन अगले 4 दिनों तक कई जिलों में रुक-रुक कर तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी रहेगा।प्रशासन ने लैंडस्लाइड संभावित क्षेत्रों और नदी-नालों के पास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
संजू, तुलसी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
