- Advertisement

शिमला में ढली-संजौली बाईपास पर पहाड़ दरकने से मचा हड़कंप, बाल-बाल बचे वाहन चालक
Shimla landslide: राजधानी शिमला में मानसून की आहट के साथ ही पहाड़ों के दरकने का सिलसिला शुरू हो गया है। ढली-संजौली बाईपास मार्ग पर भारी भूस्खलन होने से सड़क पर बड़ी मात्रा में मलबा आ गिरा है। गनीमत यह रही कि भूस्खलन का अंदेशा होते ही वाहनों को रोक दिया गया था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया । गनीमत ये रही कि कई वाहन मलबे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।
यातायात के लिए पूरी तरह बंद
भारी मलबे के कारण ढली-संजौली बाईपास दोनों तरफ से यातायात के लिए पूरी तरह बंद हो गया है। समय रहते खतरे का आभास होने पर ट्रैफिक रोक दिया गया था, जिससे बड़ा हादसा टला। भूस्खलन के कारण पहाड़ी के साथ लगते बहुमंजिला भवनों के लिए भी बड़ा खतरा पैदा हो गया है। प्रशासन और संबंधित विभाग द्वारा सड़क से मलबा हटाने का काम युद्ध स्तर पर किया जा रहा है।
लोगों में दहशत और पूर्व की चेतावनियां
बारिश का सीजन शुरू होते ही पहाड़ों पर रहने वाले लोगों की धड़कनें बढ़ गई हैं। बाईपास के समीप पहाड़ी से लगातार पत्थर और मलबा गिरने की घटनाओं ने वाहन चालकों और स्थानीय निवासियों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। सड़क के किनारे स्थित पहाड़ी हिस्से में दरारें स्पष्ट दिखाई दे रही हैं, जो किसी और बड़े भूस्खलन का संकेत दे रही हैं।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग पर पहाड़ दरकने की यह कोई पहली घटना नहीं है। बरसात के दौरान जमीन में नमी बढ़ने से चट्टानों की स्थिरता खत्म हो जाती है। यह बाईपास शिमला शहर के प्रमुख संपर्क मार्गों में से एक है, जहां दिनभर वाहनों की भारी आवाजाही रहती है। लगातार गिर रहे छोटे-बड़े पत्थरों के कारण लोगों ने प्रशासन से पहाड़ी का तकनीकी निरीक्षण करवाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
प्रशासन की अपील: वैकल्पिक मार्गों का करें इस्तेमाल
सड़क को सुरक्षित बनाने और मलबा हटाने का कार्य लगातार जारी है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। जब तक मार्ग पूरी तरह सुरक्षित और मलबे से मुक्त नहीं हो जाता, तब तक ढली-संजौली बाईपास मार्ग का उपयोग न करें।अपनी यात्रा की योजना वैकल्पिक मार्गों के अनुसार ही बनाएं। मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों और राहत दल के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

