-
Advertisement
First Hand: धवाला की ज्वालामुखी से OBC से आई नसीहत, हमारी कद्र करना सीखें
ज्वालामुखी। बीजेपी की ज्वाला बन चुके विधायक रमेश धवाला (MLA Ramesh Dhawala) को अपने ही विधानसभा क्षेत्र के संगठनात्मक दायित्व निभाने वालों ने नसीहत देने शुरू कर दी है। धवाला जिस ओबीसी (OBC)वर्ग का प्रतिनिधित्व करते हैं, उसी वर्ग से ताल्लुक रखने वाली पार्टी की प्रदेश सचिव श्रेष्ठा चौधरी (BJP State Secretary Shrestha Chaudhary) का कहना है कि ओबीसी महिला होने के नाते धवाला से कहना चाहूंगा कि वह महिला के नाते हमारी कद्र करें। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा है कि वह बचपन से पार्टी की कार्यकर्ता है और पार्टी संगठन के प्रति सम्मान है। जो दायित्व पार्टी ने उन्हें ओबीसी होने के नाते दिया है,उसके प्रति निष्ठा से काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि विधायक रमेश धवाला से कहना चाहती हूं कि अगर हमारे लिए अच्छे शब्द नहीं है तो बुरे शब्दों का भी प्रयोग ना करें बल्कि हमारी कद्र करें।
इसी तरह ज्वालामुखी में संगठनात्मक जिला देहरा ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष अतुल चौधरी (Atul Chaudhary) ने भी पार्टी के संगठन मंत्री पवन राणा के पक्ष में मोर्चा खोलते हुए विधायक रमेश धवाला को संगठन को बदनाम ना करने की नसीहत दी है। उन्होंने विधायक धवाला द्वारा संगठन मंत्री पवन राणा (Pawan Rana) के खिलाफ की जा रही बयानबाजी पर रोष प्रकट किया है। याद रहे कि दो दिनों से पार्टी विधायक रमेश धवाला को लेकर बीजेपी के भीतर घमासान मचा हुआ है। धवाला ने सीएम जयराम ठाकुर (CM Jai Ram Thakur) के सरकारी आवास में बैठक के बाद पवन राणा के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कड़े शब्दों का इस्तेमाल किया था। इसके बाद विधायक,संगठन के पदाधिकारी लगातार धवाला के खिलाफ लामबंद हैं।

