-
Advertisement
महिला मोर्चा अध्यक्ष पद के लिए लॉबिंग शुरू, वंदना और सुमन रेस में आगे
मंडी। हिमाचल प्रदेश बीजेपी महिला मोर्चा (Himachal Pradesh BJP Mahila Morcha) में नए अध्यक्ष को लेकर लॉबिंग शुरू हो गई है। मौजूदा अध्यक्ष रश्मिधर सूद (Rashmidhar Sood ) को राज्य सरकार में स्थान मिल गया है। उन्हें हाल ही में पर्यटन विकास निगम का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। हालांकि अभी वे महिला मोर्चा के अध्यक्ष (President) पद पर भी बनी हुई हैं लेकिन माना जा रहा है कि जल्द ही संगठन उन्हें इस पद से भारमुक्त करके किसी नए चेहरे को अध्यक्ष पद का दायित्व सौंपेगा। इसके लिए मंडी जिला से दो नाम प्रमुख रूप से सामने आ रहे हैं। इनमें पहला नाम है जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर की बेटी एवं जिला परिषद सदस्य वंदना गुलेरिया (Vandana Guleria) का और दूसरा नाम है नगर निगम मंडी की पार्षद सुमन ठाकुर का।
वंदना गुलेरिया मौजूदा समय में प्रदेश महिला मोर्चा की संगठन मंत्री हैं और सुमन ठाकुर मंडी जिला महिला मोर्चा की अध्यक्ष। बतायाजा रहा है कि जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर हाल ही में दिल्ली जाकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से इस संदर्भ में मुलाकात कर चुके हैं। वहीं दूसरी तरफ सुमन ठाकुर (Suman Thakur) सीएम जयराम ठाकुर के करीबियों में से एक हैं और ऐसे में उनका नाम भी चर्चा में चल रहा है। सुमन ठाकुर का पॉजिटिव प्वाइंट यह भी है कि उन्हें आरक्षण के चलते नगर निगम का अध्यक्ष बनने का मौका नहीं मिल सका था, जबकि वो इस पद की सबसे प्रवल दावेदार थी। माना जा रहा है कि संगठन में उनका कद बढ़ाने पर विचार चल रहा है। हालांकि, बीजेपी की कुछ अन्य नेत्रियां भी अध्यक्ष पद की लॉबिंग में जुटी हुई हैं लेकिन सबसे प्रवल दावेदारी मंडी जिला से इन दो नेत्रियों की ही मानी जा रही है।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group


