-
Advertisement
मनाली के देव टिब्बा में बड़ा हादसा: खाई में गिरा ब्रिटिश ट्रैकर, रेस्क्यू टीम ने बचाई जान
Himachal News: विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनाली के देव टिब्बा ट्रैकिंग क्षेत्र में एक बड़ा हादसा सामने आया है। यहां ट्रैकिंग के दौरान इंग्लैंड का एक नागरिक फिसलकर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि, प्रशासन और रेस्क्यू टीम की मुस्तैदी से कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद विदेशी ट्रैकर को सुरक्षित निकाल लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंग्लैंड के नागरिक जॉर्ज रिचमंड साहसिक पर्यटन के लिए मनाली आए हुए थे। जॉर्ज देव टिब्बा क्षेत्र के दुर्गम रास्तों पर ट्रैकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक कठिन पहाड़ी रास्ते पर उनका पैर फिसल गया और संतुलन बिगड़ने के कारण वह सीधे खाई में जा गिरे। उनके साथ लोगों ने प्रशासन को इस घटना की सूचना दी।
कड़ी मशक्कत के बाद सफल रहा रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन,फायर ब्रिगेड और विशेष बचाव दल (रेस्क्यू टीम) फौरन मौके के लिए रवाना हो गए। टीम ने जोखिम भरे रास्तों से होते हुए घायल ट्रैकर तक अपनी पहुंच बनाई। खाई की गहराई और क्षेत्र के दुर्गम होने के कारण बचाव कार्य काफी चुनौतीपूर्ण था, लेकिन रेस्क्यू टीमों ने बेहतरीन तालमेल का परिचय दिया। जॉर्ज को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया और फिर स्ट्रेचर के जरिए सुरक्षित स्थान पर लाया गया। घायल ब्रिटिश नागरिक को तुरंत मनाली के अस्पताल पहुंचाया गया, जहां फिलहाल चिकित्सकों की कड़ी निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
कुल्लू के SP मदन लाल कौशल ने इस घटना और रेस्क्यू ऑपरेशन की आधिकारिक पुष्टि की है। उन्होंने अनजान और कठिन रास्तों पर बिना किसी प्रशिक्षित लोकल गाइड के ट्रैकिंग पर जाने से बचने की सलाह दी है।
तुलसी बाबा

