-
Advertisement
हमीरपुर में बड़ा सियासी बवाल: CM पर आरोप लगाने वाले BJP विधायक पर FIR दर्ज
Himachal Politics: हिमाचल प्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस और विपक्षी दल बीजेपी बीच सियासी तकरार अपने चरम पर पहुंच गई है। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू और प्रदेश सरकार के खिलाफ विवादित बयानबाजी करने के मामले में हमीरपुर सदर से बीजेपी विधायक आशीष शर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। यह कार्रवाई कृषि उपज मंडी समिति (एपीएमसी) हमीरपुर के चेयरमैन अजय शर्मा की शिकायत पर सदर पुलिस थाना में की गई है, जिसके बाद जिले का सियासी पारा पूरी तरह से चढ़ गया है।
गांधी चौक के धरना-प्रदर्शन में लगाए थे गंभीर आरोप
बीते बुधवार को हमीरपुर के गांधी चौक पर बीजेपी की ओर से प्रदेश सरकार के खिलाफ रोष रैली और धरना-प्रदर्शन किया गया था। इस दौरान भोरंज की पूर्व विधायक कमलेश कुमारी सहित कई वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी मौजूद थे। मंच से संबोधित करते हुए विधायक आशीष शर्मा ने सीएम सुक्खू पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने एक कथित भूमि सौदे का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री और उनके परिवार से जुड़ी निजी भूमि को एक सरकारी विभाग को करोड़ों रुपए में बेचा गया है। आशीष शर्मा ने इस मुद्दे पर सीधे तौर पर सीएम से जवाब मांगा था। इसके साथ ही, भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरकार पर चुनावी वायदे पूरे न करने और विकास कार्यों को ठप्प करने का भी आरोप लगाया।
एपीएमसी चेयरमैन की शिकायत पर एक्शन
विधायक की इस बयानबाजी पर सत्ता पक्ष ने कड़ी आपत्ति जताई। एपीएमसी चेयरमैन अजय शर्मा ने तुरंत सदर थाना में विधायक के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। हमीरपुर पुलिस ने पुष्टि की है कि शिकायत के आधार पर नियमानुसार मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल मंच से दिए गए बयानों की वीडियो फुटेज और लगाए गए आरोपों से जुड़े तथ्यों की गहनता से जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
अशोक राणा
