- Advertisement

ऊना में विजिलेंस का बड़ा एक्शन: ₹8,000 रिश्वत लेते PWD का JE रंगे हाथ गिरफ्तार
Himachal News: जिला ऊना में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (विजिलेंस) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। लोक निर्माण विभाग (HPPWD) के इलेक्ट्रिकल विंग में तैनात जूनियर इंजीनियर (जेई) को 8,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए मंगलवार को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपी जेई की पहचान परवेश कुमार के रूप में हुई है।
ठेकेदार के बिल पास करने की एवज में मांगी थी रिश्वत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक स्थानीय ठेकेदार ने विजिलेंस ब्यूरो में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसने लोक निर्माण विभाग के तहत इलेक्ट्रिकल का काम पूरा कर लिया था। हालांकि, उस काम का सरकारी बिल पास करने के बदले जेई परवेश कुमार उससे लगातार 8,000 रुपये की रिश्वत की मांग कर रहा था। ठेकेदार रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था, इसलिए उसने इसकी लिखित शिकायत विजिलेंस को दी।
विजिलेंस ने जाल बिछाकर दबोचा
शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस की टीम ने गोपनीय तरीके से मामले की प्राथमिक जांच की। शिकायत की पुष्टि होने पर विजिलेंस ने आरोपी को पकड़ने के लिए योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप (जाल) बिछाया।जैसे ही शिकायतकर्ता ठेकेदार ने आरोपी जेई परवेश कुमार को रिश्वत की 8,000 रुपये की रकम सौंपी, वैसे ही घात लगाकर बैठी विजिलेंस टीम ने उसे रंगे हाथ धर दबोचा।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
विजिलेंस ब्यूरो ने आरोपी जेई परवेश कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (Prevention of Corruption Act) के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही विभाग में उसके द्वारा निपटाए गए अन्य ठेकों और फाइलों का रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि क्या उसने पहले भी किसी से अवैध वसूली की है।
सुनैना जसवाल
