-
Advertisement
सलूणी मर्डर: धरी रह गईं मनोहर की शादी की तैयारियां, मां के सपने टूटे
चंबा। चंबा जिले की भादल पंचायत के सलूणी (Salooni) में आठ टुकड़ों में मिले मनोहर (Manohar Lal) के शव पर जारी सियासत के बीच पीड़ित परिवार में मातम छाया हुआ है। मनोहर की मां एक-एक पाई जोड़कर बेटे की शादी की तैयारियों में जुटी थीं। शहनाई बजने से पहले घर की हालत संवर जाए, इसके लिए भी परिवार कर्ज लेकर ईंट-गारे जोड़ रहा था। मनोहर की हत्या के साथ अब सब-कुछ खत्म हो गया। बेटे के गम में मनोहर की मां की आंखों से आंसू थम नहीं रहे हैं।
मनोहर की मां के लिए यह केवल जवान बेटे का सहारा ही नहीं टूटा, बल्कि इसी महीने होने वाली उसकी शादी और बहू की सेवा का सुख भी चला गया। उनके लिए यह ताउम्र का दुख है, जिसे बर्दाश्त करने में बहुत समय लगेगा। लगातार बहते आंसुओं के बीच कुछ धीरज बटोरकर वे कहती हैं, मनोहर के साथ अब सब-कुछ खत्म हो गया। उसके हत्यारों को सिर्फ फांसी की सजा होनी चाहिए।
खच्चरों पर माल ढोता था मनोहर
बीपीएल कोटे में आने वाले इस दलित परिवार के पांच लोग एक कमाऊ सदस्य के गुजर जाने से खुद को असहाय महसूस कर रहे हैं। मनोहर खच्चरों पर माल ढोने का काम करता था। परिवार की गुजर-बसर का वह एक बड़ा सहारा था। इधर, मां इसी महीने अपने जवाब बेटे की शादी की तैयारियों में जुटी थीं। घर की मरम्मत का काम भी चल रहा था। परिवार पर लोगों से लिए गए उधार का काफी पैसा बकाया है। अब परिवार के सभी पांच सदस्यों की सूनी आंखें मानों कहती हैं कि शायद हर काम अधूरा रह गया। खासतौर पर इसलिए भी, क्योंकि सभी कुछ बेटे मनोहर के इर्द-गिर्द ही हो रहा था।
यह भी पढ़े:मनोहर हत्याकांड की जांच NIA से कराई जाए, जयराम बोले- सतरुंडी आतंकी घटना से जुड़ा है आरोपी का नाम
विहिप ने आरोपियों के लिए मांगी मौत की सजा
विश्व हिंदू परिषद (VHP) की हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) इकाई के अध्यक्ष लेखराज राणा ने चंबा हत्याकांड के दोषियों को मृत्युदंड देने की मांग की। राणा ने यहां जारी एक बयान में कहा कि 28 वर्षीय मनोहर की हत्या के विरोध में 19 और 20 जून को प्रदर्शन किया जाएगा। विहिप नेता ने कहा कि इस मामले की त्वरित जांच के लिए एक त्वरित अदालत का गठन किया जाना चाहिए। उन्होंने इस मामले की राष्ट्रीय जांच एजेंसी से जांच कराने की विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर (Jairam Thakur) की मांग का समर्थन भी किया। राणे ने कहा कि इन ‘नृशंस’ घटना से शांतिप्रिय ‘देवभूमि’ की बदनामी हुई है तथा इस हत्या को लेकर हिंदुओं में बड़ा रोष है।

