-
Advertisement
एसपी कांगड़ा से मिले विधायक विशाल नैहरिया, पत्नी के आरोपों के बाद रखा अपना पक्ष
धर्मशाला। बीजेपी विधायक विशाल नैहरिया (MLA Vishal Nehria) पर उनकी एचएएस अधिकारी पत्नी ओशीन शर्मा (Oshin Sharma) ने मारपीट के आरोप लगाए हैं। इस पर विधायक नैहरिया ने भी अपना पक्ष रखा है। विशाल नैहरिया एसपी कांगड़ा विमुक्त रंजन से मिले और उनके सामने अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि उन दोनों की पहले से ही दोस्ती थी इसके बाद दोस्ती वैवाहिक जीवन तक पहुंच गई। विशाल का कहना है कि शादी के कुछ दिन बाद से ही ओशिन ने परिवार और उन पर कई तरह से मानसिक दबाव बनाना शुरू कर दिए थे। ये उनका परिवारिक मामला था इसलिए उन्होंने मामले को घर की चारदीवारी में ही निपटाने की कोशिश की। उन्होंने पत्नी को समझाने के भी प्रयास किए। उन्होंने अपने पद की गरिमा को समझते हुए और सामाजिक जिम्मेदारी को जानते हुए इस बात को घर तक ही सीमित रखना उचित समझा। विशाल का कहना है कि वो अब भी चाहते हैं कि घर की बात घर में ही सुलझ जाए और उसे सामाजिक और राजनीतिक तूल ना दिया जाए।
यह भी पढ़ें: देखें वीडियोः धर्मशाला के विधायक नैहरिया पर पत्नी ने लगाया मारपीट का आरोप, पुलिस में शिकायत
बता दें कि धर्मशाला से बीजेपी विधायक विशाल नैहरिया पर उनकी एचएएस अधिकारी पत्नी ओशीन शर्मा ने मारपीट के आरोप लगाए हैं। ओशीन शर्मा ने इसकी शिकायत पुलिस (Police) में भी की है, साथ ही सुरक्षा की मांग भी की है। एसपी कांगड़ा विमुक्त रंजन ने विधायक नैहरिया की पत्नी की ओर से शिकायत मिलने की पुष्टि की है। एसपी ने कहा कि विधायक नैहरिया की पत्नी ने मारपीट की शिकायत की है। और पुलिस सुरक्षा की भी मांग की है। पत्नी ने विधायक के साथ रिश्ता ना रखने की बात कही है। अभी करीब दो माह पहले ही दोनों की शादी हुई है। शादी के बाद से ही उनका वैवाहिक रिश्ता ठीक नहीं चल रहा है।
पुलिस को दी शिकायत में विधायक की पत्नी ओशीन शर्मा ने आरोप लगाया है कि शादी से पहले और बाद में भी विधायक नैहरिया उनके साथ मारपीट कर रहे हैं। उनके पति प्रभावशाली है इसलिए उनको अपनी सुरक्षा का खतरा है। उन्होंने शिकायत पत्र में पुलिस सुरक्षा की मांग की है। ओशीन शर्मा ने कहा है कि शादी से पहले भी विधायक मारपीट करते थे। कॉलेज के समय से ही उनका रिलेशनशिप था। पर मारपीट के चलते ही उन्होंने रिश्ता तोड़ लिया था। जब वह विधायक चुने गए तो वह उनके पास आए और अपनी बातों से विश्वास में लेकर रिश्ते को आगे बढ़ाया। उसके बाद उनकी शादी (Marriage) हो गई। पर शादी के बाद भी यह सिलसिला जारी रहा। महिला अधिकारी ने साफतौर पर कहा कि वह विधायक से रिश्ता नहीं रखना चाहती हैं। महिला अधिकारी ने इसकी शिकायत पुलिस में भी की है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार महिला अधिकारी शिकायत लेकर आईं थीं। मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group


