-
Advertisement
हिमाचल के 6 पुलिस व होमगार्ड जवानों को राष्ट्रीय पदक, DIG गुरदेव शर्मा को राष्ट्रपति पुलिस पदक
Himachal Police Award: स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर हिमाचल प्रदेश पुलिस और होमगार्ड एवं सिविल डिफेंस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए बड़ी और मान बढ़ाने वाली खबर आई है। उत्कृष्ट और सराहनीय सेवाओं के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जारी सूची में हिमाचल के चार पुलिस अधिकारियों और दो होमगार्ड जवानों/अधिकारियों को राष्ट्रीय पदकों के लिए चुना गया है।
DIG गुरदेव शर्मा को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक (PSM)
हिमाचल प्रदेश पुलिस में डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (DIG) गुरदेव चंद शर्मा को उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए सर्वोच्च राष्ट्रपति पुलिस पदक (President’s Medal for Distinguished Service) से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा, हिमाचल पुलिस के तीन अन्य अधिकारियों को अभिषेक दुल्लर (इंस्पेक्टर जनरल – IG),अमर सिंह (इंस्पेक्टर), जगबीर सिंह (असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर – ASI) को सराहनीय सेवा पदक (Meritorious Service Medal – MSM) प्रदान किए जाएंगे। इस प्रकार इस वर्ष हिमाचल पुलिस के खाते में एक राष्ट्रपति पदक और तीन सराहनीय सेवा पदक आए हैं।
होमगार्ड सेवा में कंपनी कमांडर प्रेम राज को राष्ट्रपति पदक
गृह रक्षा (होमगार्ड) एवं सिविल डिफेंस श्रेणी में हिमाचल प्रदेश के कंपनी कमांडर प्रेम राज को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया जाएगा। वहीं, विभाग से एक अन्य अधिकारी को सराहनीय सेवा पदक के लिए चुना गया है।
देशभर में कुल 1,057 पदकों की घोषणा
केंद्रीय गृह मंत्रालय के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर देशभर में पुलिस, फायर सर्विस, होमगार्ड एवं सिविल डिफेंस और सुधार (करेक्शनल) सेवाओं के लिए कुल 1,057 पदकों का ऐलान किया गया है।
पदकों का विवरण:
वीरता पदक (Gallantry Medals): 272
राष्ट्रपति पदक (PSM): 83
सराहनीय सेवा पदक (MSM): 606
(फायर, होमगार्ड और करेक्शनल सर्विस को मिलाकर कुल आंकड़ा 1,057 होता है।)
पंकज शर्मा
