- Advertisement

मैक्लोडगंज की दीवारों पर लिखे इजरायल विरोधी नारे, फिलिस्तीन का झंडा बनाकर दी धमकी
Himachal News: हिमाचल प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थल मैक्लोडगंज से धर्मकोट जाने वाले मार्ग पर अज्ञात तत्वों द्वारा इजरायल विरोधी नारे लिखने और फिलिस्तीन का झंडा पेंट करने का गंभीर मामला सामने आया है। दीवारों पर इजरायली पर्यटकों को सीधे तौर पर धमकी दी गई है, जिसके बाद स्थानीय प्रशासन और देश की सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह हाई अलर्ट पर हैं। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मैक्लोडगंज थाने में एफआईआर दर्ज कर ली है।
‘ARE YOU NEXT?’ लिखकर खौफ फैलाने की कोशिश
जानकारी के अनुसार, मैक्लोडगंज-धर्मकोट मार्ग पर दीवारों पर अज्ञात शरारती तत्वों ने लाल स्प्रे से आपत्तिजनक और भड़काऊ शब्द लिखे हैं। यह पूरी गतिविधि इजरायल के खिलाफ एक सुनियोजित ‘पोस्टर वॉर’ का हिस्सा लग रही है। शरारती तत्वों ने लाल स्प्रे से एक बॉक्स बनाकर उसके भीतर स्पष्ट शब्दों में अंग्रेजी में लिखा है— ‘ARE YOU NEXT?’ (क्या अगला नंबर आपका है?)। माना जा रहा है कि यह संदेश क्षेत्र में आने वाले इजरायली पर्यटकों के मन में डर पैदा करने के मकसद से लिखा गया है।
स्थानीय लोगों ने मिटाया, तो दोबारा बना दिया झंडा
इस भड़काऊ हरकत का पता चलते ही कई जागरूक स्थानीय नागरिकों ने समाज में शांति बनाए रखने के लिए इन विवादित नारों पर सफेद पेंट पोतकर उन्हें मिटाने का प्रयास किया। लेकिन अराजक तत्वों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने दोबारा उसी स्थान पर जाकर लाल स्प्रे से फिलिस्तीन का झंडा बना दिया। आपको बता दें कि पिछले सप्ताह ही धर्मकोट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति इजरायली पर्यटकों के लिए सार्वजनिक रूप से आपत्तिजनक और अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहा था।
सुरक्षा और पर्यटन दोनों के लिए बड़ी चिंता
धर्मकोट को भारत का ‘मिनी इजरायल’ कहा जाता है, क्योंकि यहां हर साल हजारों की संख्या में इजरायली पर्यटक छुट्टियां बिताने आते हैं। ऐसे में ‘ARE YOU NEXT?’ जैसी धमकियां क्षेत्र की आंतरिक सुरक्षा और यहां की पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था दोनों के लिए एक बड़ा खतरा बन गई हैं। इस हरकत के पीछे किसका हाथ है, इसे जानने के लिए पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की गहनता से जांच कर रही है।
पुलिस ने दर्ज किया केस
कांगड़ा के एसपी कुलभूषण वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मैक्लोडगंज पुलिस स्टेशन में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू को ध्यान में रखकर इस मामले की गहनता से जांच कर रही हैं और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रविंद्र चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

