-
Advertisement
पतलीकूहल स्कूल में मिड-डे मील खाने से बच्चे बीमार, शिक्षा मंत्री बोले- लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
Himachal News: कुल्लू जिले के पतलीकूहल स्थित बाड़ी प्राइमरी स्कूल में मंगलवार को मिड-डे मील के दौरान परोसी गई खीर खाने से 47 बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। खीर खाने के कुछ ही देर बाद बच्चों को उल्टी और जी मिचलाने की शिकायत होने लगी। घटना के बाद स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पतलीकूहल ले जाया गया।
44 बच्चों को मिली छुट्टी, 3 का इलाज जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि प्रभावित 47 बच्चों में से 44 को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि 3 बच्चों का अभी भी स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है। सभी बच्चों की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
दूषित पानी हो सकता है वजह
शिक्षा मंत्री ने बताया कि प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में पीने के पानी में सफाई की कमी की संभावना जताई गई है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य के सभी स्कूलों में पहले से ही आरओ (RO) की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके बावजूद इस तरह की चूक कैसे हुई, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है।
सख्त कार्रवाई के निर्देश
रोहित ठाकुर ने कहा कि इस मामले में जिस भी स्तर पर लापरवाही पाई जाएगी, दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सभी स्कूलों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे भोजन बनाने और पीने के लिए पानी को अच्छी तरह उबालकर ही इस्तेमाल करें। प्रशासन को व्यवस्था की नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
संजू चौधरी
