-
Advertisement
लाहुल-स्पीति के जिस्पा में फटा बादल, मनाली-लेह और जांस्कर मार्ग बंद; BRO युद्ध स्तर पर बहाली में जुटा
Cloudburst in Himachal: हिमाचल के लाहुल-स्पीति जिले के जिसपा क्षेत्र में बादल फटने की घटना से भारी तबाही मची है। अचानक आए तेज जलप्रवाह और मलबे के कारण मनाली-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-03) और मनाली-जांस्कर मार्ग पूरी तरह से बंद हो गए हैं। इस प्राकृतिक आपदा के चलते पूरे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई है और कई वाहन बीच रास्ते में ही फंस गए हैं।
सड़कों पर आया भारी मलबा, रोका ट्रैफिक
मिली जानकारी के अनुसार, बादल फटने के बाद पहाड़ों से भारी मात्रा में मलबा, कीचड़ और बड़े-बड़े पत्थर सड़कों पर आ गिरे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय जिला प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाई है। प्रशासन ने लेह पुलिस के साथ तुरंत समन्वय स्थापित कर कीलोंग में ही ट्रैफिक को रोक दिया है, ताकि कोई भी वाहन आगे न बढ़े और किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान से बचा जा सके।
राहत और बचाव कार्य जारी
प्रशासनिक और तकनीकी टीमें हालात को सामान्य करने के लिए जमीन पर उतर चुकी है। सीमा सड़क संगठन (BRO) की टीमें आधुनिक मशीनों के साथ मौके पर पहुंच चुकी हैं और बंद पड़े मार्गों को खोलने के लिए युद्ध स्तर पर सड़क बहाली का कार्य शुरू कर दिया गया है। पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है। प्रभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और लगातार पेट्रोलिंग व निगरानी की जा रही है।
प्रशासन की अपील: न लें जोखिम, 112 पर करें संपर्क
महत्वपूर्ण सूचना: जिला प्रशासन ने पर्यटकों, स्थानीय निवासियों और यात्रियों से पुरजोर अपील की है कि जब तक सड़कें पूरी तरह साफ और सुरक्षित नहीं हो जातीं, तब तक इन मार्गों पर यात्रा करने का जोखिम बिल्कुल न उठाएं।प्रशासन ने लोगों से केवल आधिकारिक और प्रमाणित सूचनाओं पर ही भरोसा करने को कहा है। किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति या सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क किया जा सकता है।हिमाचल में लगातार बदलते मौसम के मिजाज के बीच इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में प्राकृतिक आपदाओं के बढ़ते खतरे को उजागर कर दिया है। फिलहाल प्रशासन पूरी स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए है।
इंद्रजीत

