-
Advertisement
संभलने का मौका तक नहीं मिला- जुब्बल में विकराल आग की चपेट में आए दो मकान
Jubbal Fire: शिमला जिला की तहसील जुब्बल के चमारू (चराऊ) गांव में दोपहर भीषण आग लग जाने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में स्थानीय निवासी लोकेंद्र चौहान का मकान आग की चपेट में आ गया और देखते ही देखते दो मकान पूरी तरह जलकर खाक हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते कदम उठाने से कोई जनहानि नहीं हुई।
दोपहर 12 बजे भड़की आग, बेकाबू हुईं लपटें
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा आज दोपहर करीब 12 बजे के आसपास पेश आया। लोकेंद्र चौहान के घर से अचानक धुआं और आग की लपटें उठती देखी गईं। जब तक लोग कुछ समझ पाते या आग पर काबू पाने की कोशिश करते, लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास के दूसरे मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया।
मलबे में बदला आशियाना
आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर रखा कीमती सामान निकालने का मौका तक नहीं मिला। कुछ ही देर में दोनों मकान जलकर राख के ढेर में तब्दील हो गए।स्थानीय लोगों की मशक्कत: सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हुए और अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयास शुरू किए, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि मकानों को बचाया नहीं जा सका।
प्रशासन मौके पर, नुकसान का आंकलन जारी
हादसे में भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। गनीमत यह रही कि घटना के वक्त लोग समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंच गई है। आग लगने के सटीक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और प्रभावित परिवार को राहत प्रदान करने के साथ-साथ नुकसान का आंकलन कर रहे हैं।
अनु गुप्ता
