-
Advertisement
देहरा में बनेगी हिमाचल की पहली ओजोन आधारित पेयजल परियोजना, बड्डल थोर में खुलेगा पशु चिकित्सालय
CM Sukhwinder Singh Sukhu: सीएम सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने विधायक पत्नी कमलेश ठाकुर के विधानसभा क्षेत्र देहरा के बड्डल ठोर में कई बड़ी विकास परियोजनाओं की घोषणा की। जनसभा में उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से देहरा में हिमाचल प्रदेश की पहली ओजोन आधारित जल उपचार परियोजना (Ozone-based Water Treatment Project) स्थापित की जा रही है, जिसके लिए राज्य सरकार ने 46 करोड़ रुपये की राशि आवंटित कर दी है।
दूषित जल से बचाव और स्वास्थ्य सुरक्षा
जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम सुक्खू ने कहा कि दूषित पानी के सेवन से कई गंभीर बीमारियों का खतरा बना रहता है। इसलिए राज्य सरकार हर नागरिक को स्वच्छ पानी देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि देहरा के बाद भविष्य में प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी इसी तर्ज पर ओजोन आधारित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही क्षेत्र में पशु चिकित्सा सेवाओं को मजबूती देने के लिए उन्होंने बड्डल थोर में एक नया पशु चिकित्सालय खोलने की घोषणा की।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा योजनाओं का लाभ
सीएम सुक्खू ने बताया कि राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री का अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ के तहत पात्र लोगों को लाभ पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और इसके लिए पंचायतों में सर्वे चल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को राज्य के संसाधनों में उसका पूरा हक दिलाना है। सत्ता संभालने के बाद से हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई ठोस कदम उठाए गए हैं, जिनके अब सकारात्मक परिणाम दिखने लगे हैं।
पर्यावरण और शिक्षा पर विशेष ध्यान
पर्यावरण संरक्षण और रोजगार को जोड़ते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं और महिला मंडलों को पौधरोपण से जोड़ने के लिए राजीव गांधी वन संवर्धन योजना शुरू की गई है। इसके तहत स्वयं सहायता समूहों को 1.20 लाख रुपये की वित्तीय सहायता और पौधों के जीवित रहने के आधार पर अतिरिक्त इंसेंटिव दिया जा रहा है।शिक्षा के क्षेत्र पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए नए सीबीएसई (CBSE) स्कूल खोले गए हैं और आने वाले समय में इनकी संख्या और बढ़ाई जाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि देहरा के विकास के लिए बजट की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।
स्थानीय निवासियों ने किया भव्य स्वागत
इससे पूर्व, बड्डल थोर हेलीपैड पहुंचने पर सीएम का स्थानीय लोगों, देहरा की विधायक कमलेश ठाकुर और कांग्रेस प्रतिनिधियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। जनसभा से पहले सीएम सुक्खू ने चनौर स्थित प्रसिद्ध लक्ष्मी नारायण मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
रविंद्र चौधऱी
