-
Advertisement
HRTC के थम जाएंगे पहिए,9 मार्च की रात 12 बजे से हड़ताल, ड्राइवर-कंडक्टर यूनियन का ऐलान
HRTC : शिमला। एचआरटीसी (HRTC) चालक-परिचालक यूनियन ने सरकार को नौ मार्च तक का अल्टीमेटम दिया है। अगर 9 मार्च रात 12 बजे से पहले उनकी मांगे नहीं मानी गई तो एचआरटीसी चालक-परिचालक यूनियन (HRTC driver-conductor union) 72 घंटे का चक्का जाम करेगी। यानी प्रदेश में तीन दिन बाद एचआरटीसी (HRTC)की 3079 से ज्यादा बसों के पहिए थम जाएंगे। चालक परिचालक यूनियन ने पुराने बस अड्डे में HRTC मुख्यालय के समक्ष जमकर सरकार व प्रबंधन के खिलाफ हल्ला बोला। चालक-परिचालक यूनियन (Driver-Conductor union) ने सरकार व प्रबंधन को 6 मार्च तक का समय दिया था अब यूनियन ने प्रबंधन को नोटिस थमा कर रविवार 9 मार्च तक की अंतिम डेडलाइन दी है।
सीएम ने बार बार झूठे वायदे किए
एचआरटीसी चालक संघ के अध्यक्ष मानसिंह ने बताया कि वह यूनियन ने सरकार व प्रबंधन (Government and management)को 15 दिन का नोटिस (Notice)दिया था, जिसकी मियाद आज पूरी हो गयी है। सरकार व प्रबंधन के समक्ष उन्होंने अपनी मांगें रख दी है। एचआरटीसी के चालकों और परिचालकों को 65 माह का ओवरटाइम, डीए का एरियर, 4-9-14 का एरियर और वर्ष 2016 पे कमीशन के एरियर की किस्त लंबित हैं। इसके बावजूद प्रदेश सरकार लंबे समय उनकी लंबित देनदारियों को अदा नहीं कर रही है। वहीं मान सिंह ने कहा कि सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू (CM Sukhwinder Singh Sukhu) 12 अक्टूबर 2024 को ऐलान किया था कि उनको 59 करोड़ रुपया दे दिया जाएगा। जबकि उनकी यह घोषणा झूठी साबित हुई है। सीएम ने बार बार झूठे वायदे किये और कोई देनदारियां उन्हें नहीं दी गयी। उन्होंने प्रबंधन को 15 दिन का नोटिस (Notice) भी दिया जो आज पूरा हो गया है। अब प्रबंधन बोल रहा है कि 5 करोड़ रुपया आ गया है जबकि अब इस 5 करोड़ से बात नही बनेगी।
एडवांस बुकिंग अब ना ली जाये
मानसिंह ने बताया कहा कि उनका ध्येय यह नहीं है कि वह हड़ताल पर जाएं। अब प्रबंधन व सरकार को 9 मार्च तक का समय दिया है। इस बीच सरकार वार्ता के लिए बुलाती है तो ठीक है अन्यथा 72 घंटों के लिए वह हड़ताल पर जाएंगे। उन्होंने कहा कि आज प्रबंधन को नोटिस में साफ तौर पर बता दिया गया है कि एडवांस बुकिंग (Advance Booking) अब ना ली जाये। अगर लोगों को कोई दिक्कत होगी तो उसके लिए प्रबंधन व सरकार जिम्मेवार होगी। मान सिंह ठाकुर ने कहा कि आज सरकार व प्रबंधन को यह खुले मंच से चेतावनी दे दी गयी है अगर 9 मार्च तक उनकी मांगें नहीं मानी गई तो 9 मार्च मध्य रात्रि 12 बजे से वह 72 घंटों की हड़ताल पर चले जायेंगे। अगर फिर भी मांगे नही मानी तो वह अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने से भी पीछे नही हटेंगे।
-संजू
