-
Advertisement
सिद्धू की पत्नी ने BJP में वापसी के लिए रखी शर्त: शिअद का साथ छोड़े तो हो सकता है विचार
चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस (Punjab Congress) की तरफ से लगातार की जा रही पूर्व कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू (Navjot Singh Sidhu) और उनकी पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू (Dr. Navjot Kaur Sidhu) की अनदेखी के बीच प्रदेश की राजनीति में बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। इस बात के संकेत खुद नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी ने दिए हैं। बीजेपी में वापसी को लेकर एक बड़ा बयान देते हुए सिद्धू की पत्नी ने कहा कि बीजेपी (BJP) यदि शिरोमणि अकाली दल (शिअद) का साथ छोड़े तो पार्टी में वापसी पर विचार कर सकते हैं। मानसा जिले के भीखी में स्थित डेरा बाबा बलवंत मुनि में नतमस्तक होने के बाद डॉ. नवजोत कौर ने बुधवार को डेरे के गद्दीनशीन बाबा दर्शन मुनि से आशीर्वाद लिया।
सिद्धू की पत्नी ने केजरीवाल की तारीफ में पढ़े कसीदे

इसके बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि वह पहले भी कहती थी और आज भी अपने उसी स्टैंड पर कायम हैं कि यदि बीजेपी अकाली दल का साथ छोड़ दे तो वापसी के बारे में सोचा जा सकता है। इस दौरान नवजोत कौर सिद्धू ने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind kejriwal) की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल जब दिल्ली में सत्ता में आए थे तो उन्होंने अपनी सेहत पॉलिसी अरविंद केजरीवाल के समक्ष रखी थी।
यह भी पढ़ें: Haryana: फेल हो गए 11 सैनिटाइजर ब्रांड के सैंपल; सरकार ने जारी किया लाइसेंस रद्द करने का नोटिस
सिद्धू की पत्नी ने आगे कहा कि इसे मानकर केजरीवाल ने दिल्ली में मोहल्ला क्लीनिक खोले और इसके माध्यम से उन्होंने वहां सेहत सेवाओं में चमत्कारी सुधार किए। इस दौरान पत्रकारों द्वारा पति नवजोत सिंह सिद्धू की राजनीति और कांग्रेस में भूमिका पर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने उनको जो जिम्मेदारी सौंपी, उन्होंने बखूबी निभाया। उन्होंने कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू अकेले ऐसे विधायक हैं, जिन्होंने लॉकडाउन के दौरान अपनी जेब से करोड़ों रुपए खर्च कर जरूरतमंद परिवारों को राशन मुहैया करवाया है।
