-
Advertisement
हिमाचल: 10 साल से अंधेरे में डूबे गांव को मिलेगी रोशनी, हेलीकॉप्टर से भेजे सोलर पैनल
बैजनाथ। हिमाचल के एक गांव में 10 साल बाद बिजली (Electricity) की रोशनी दिखेगी। यहां के लोग पिछले 10 सालों से अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। यह गांव हिमाचल के कांगड़ा (Kangra) जिला के उपमंडल बैजनाथ का अति दुर्गम व जनजातीय क्षेत्र बड़ा भंगाल है। सोमवार को एसडीएम सलीम आजम की अध्यक्षता में चौधरी सरवन कुमार कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर से हेलिकाप्टर से 168 सौर ऊर्जा के पैनल बड़ा भंगाल (Bada Bhangal) के लिए भेजे गए। इन सोलर पैनलों के लगने से अब जनजातीय क्षेत्र बड़ा भंगाल के हर घर में बिजली की रोशनी होगी। प्रशासन ने बिजली का प्रबंध करने के लिए सोलर पैनल भेज दिए हैं। इसके साथ ही हेलिकाप्टर (Helicopter) में बिजली विभाग के इंजीनियरों सहित प्रशासनिक अधिकारी व अन्य टीम भी रवाना हुई है।
यह भी पढ़ें:पीएम मोदी ने शुरू की आत्मनिर्भर स्वस्थ भारत योजना, बोले – अब गरीब का बच्चा बन सकेगा डॉक्टर
एसडीएम सलीम आजम ने बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार (State Govt) ने तीन महीने पहले यहां पर बिजली लाने का एलान किया था। आज सोमवार को मौसम की अनुकूलता पर पालमपुर से सरकारी हेलीकप्टर से बड़ा भंगाल के लिए सोर ऊर्जा के पैनल भेजे जा रहे हैं, ताकि वहां का हर घर रोशन हो सके। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार की एजेंसी हिम ऊर्जा बड़ा भंगाल को रोशन करने जा रही है। सलीम आजम ने बताया कि बड़ा भंगाल में हर घर में एक.एक सोलर पैनल लगेगा, जिससे हर घर में चार ट्यूब के साथ एक टीवी भी चलेगा। इसके साथ ही फोन भी चार्ज किए जा सकेंगे। बर्फबारी से पहले सारे पैनल को बड़ा भंगाल पहुंचा कर उन्हें स्थापित कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सोलर पैनल (Solar Panels) ले जाने के लिए हेलीकॉप्टर को तीन चार चक्कर लगाने पड़ेंगे। लोग इस पैनल का इस्तेमाल छोटे.छोटे कामों के लिए कर सकेंगेए जिससे उनका जीवन ही बदल जाएगा।
10 साल बाद आएगी बिजली
बड़ा भंगाल पंचायत के प्रधान मनसा राम भंगालिया ने बताया बड़ा भंगाल में करीब 10 साल से बिजली नहीं है। इससे पहले वहां एक छोटा हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट (Hydro Power Project) स्थापित किया गया था। लेकिन उसकी टरबाइन में कोई तकनीकी खराबी आ गई थी। इसे अभी तक दूर नहीं किया जा सका है। उन्होंने बताया कि जब तक टरबाइन ठीक नहीं हो जाती है, तब तक सोलर पैनल के माध्यम से वहां बिजली का प्रबंध किया जाएगा। बताया जा रहा है कि हेलिकाप्टर 24 अक्टूबर को रवाना होना था, लेकिन खराब मौसम के कारण हेलिकाप्टर रवाना नहीं हो सका था। सोमवार सुबह मौसम खुलते ही हेलिकाप्टर सोलर पैनल व बिजली विभाग के इंजीनियरों सहित प्रशासनिक अधिकारियों की टीम के साथ बड़ा भंगाल के लिए रवाना हो गया है।
क्या कहते हैं डीसी कांगड़ा
डीसी कांगड़ा डॉ निपुन जिंदल ने बताया कि बड़ा भंगाल में 168 घरों के लिए सोलर पैनल लगाने का प्रावधान किया गया है, लेकिन मौजूदा समय में जितने परिवार बड़ा भंगाल में रह रहे हैं उनके घरों में सोलर पैनल स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि शुरुआत में लगभग 25 घरों में यह पैनल लगाया जाएगा तथा इनकी देखरेख हर घर के मालिक को करनी होगी।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group

हिमाचल और देश-दुनिया के ताजा अपडेट के लिए like करे हिमाचल अभी अभी का facebook page

