-
Advertisement
शिमला के संकट मोचन मंदिर में चोरी: गर्भगृह से 12 किलो चांदी के मुकुट और सोने की नथ ले उड़े चोर
Himachal News: राजधानी शिमला के ऐतिहासिक और प्रसिद्ध संकट मोचन मंदिर में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। अज्ञात चोर मंदिर के गर्भगृह से भगवान के 12 किलो वजनी तीन चांदी के मुकुट और माता सीता की सोने की नथ (करीब एक तोला) चुरा कर फरार हो गए। इसके साथ ही चोरों ने मंदिर के दानपात्र (डोनेक्शन बॉक्स) को भी निशाना बनाया और उसमें रखी नकदी चुरा ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
शनिवार रात 2:20 बजे दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, यह दुस्साहसिक वारदात शनिवार रात करीब 2:20 बजे अंजाम दी गई। चोर मंदिर का मुख्य गेट तोड़कर अंदर दाखिल हुए और करीब 3:15 बजे सुबह मंदिर से बाहर निकले। हैरानी की बात यह है कि मंदिर में 24 घंटे होमगार्ड के जवान तैनात रहते हैं, इसके बावजूद किसी को भी चोर के आने या हलचल की भनक तक नहीं लगी। इस बड़ी चूक के बाद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सीसीटीवी फुटेज में दिखा संदिग्ध, पुलिस ने जारी की तस्वीर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना बालूगंज में रविवार को मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति कैद हुआ है, जिसकी तस्वीर पुलिस ने आम जनता की मदद के लिए सार्वजनिक कर दी है।
पुलिस ने मांगी जनता से मदद, जारी किए गए संपर्क नंबर
शिमला पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई भी व्यक्ति तस्वीर में दिख रहे संदिग्ध को पहचानता है या उसके ठिकाने के बारे में कोई जानकारी रखता है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करे। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।
संदिग्ध के संबंध में जानकारी देने के लिए नागरिक निम्नलिखित नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:
पुलिस थाना बालूगंज: 0177-2830193
एसएचओ बालूगंज: 8894728013
जिला पुलिस शिमला से भी सीधे संपर्क किया जा सकता है।
फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से छानबीन कर रही है और डॉग स्क्वायड व फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
संजू चौधरी
