-
Advertisement
सिरमौर में दर्दनाक हादसा: तहसील कर्मी और मासूम बेटे की मौ#त, ड्रोन की मदद से सुरक्षित मिली लापता बेटी
Himachal News: सिरमौर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। जिले के शिलाई-रोहनाट सड़क मार्ग पर भटनोल के समीप एक वाहन के गहरी खाई में गिरने से पिता और उनके सात वर्षीय बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। इस भीषण हादसे के बाद रातभर से लापता चल रही सात वर्षीय बेटी सोमवार सुबह सुरक्षित मिल गई है, जिससे परिजनों और ग्रामीणों ने बड़ी राहत की सांस ली है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की इस तरह मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
घर लौटते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तहसील कार्यालय शिलाई में कार्यरत सोहन रविवार रात अपने निजी वाहन में अपने बेटे और बेटी के साथ कामोटा स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान भटनोल के पास उनकी गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। यह हादसा इतना भयानक था कि सोहन और उनके सात वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।
ड्रोन की मदद से चलाया गया तलाशी अभियान
दुर्घटना के बाद से सोहन की सात वर्षीय बेटी का कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। बच्ची के लापता होने की सूचना मिलते ही परिजनों, ग्रामीणों और प्रशासन की नींद उड़ गई। पूरी रात बच्ची की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया गया।सोमवार सुबह एसडीएम जसपाल के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम, पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान आधुनिक ड्रोन कैमरों की मदद ली गई, जिसके बाद आखिरकार मासूम बेटी सुरक्षित मिल गई।
इलाके में मातम पसरा
इस हृदय विदारक घटना ने शिलाई और आसपास के पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एक तरफ जहां पिता और मासूम बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं दूसरी तरफ बेटी के सुरक्षित मिल जाने से लोगों ने थोड़ी राहत महसूस की है।
एचके पंडित
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
