-
Advertisement
सीसे स्कूल लामू में सड़कों पर उतरे छात्र, जोरदार नारेबाजी भी की, आखिर क्या है माजरा
Himachal News: जिला चंबा के विधानसभा क्षेत्र भरमौर के होली के सीनियर सेकेंडरी स्कूल लामू में अध्यापकों रिक्त पदों को लेकर छात्र सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतर आए हैं।
स्कूल के बच्चों ने मंगलवार को सुबह ही सड़क पर उतरकर अपना विरोध दर्ज करवाया और सरकार और प्रशासन के खिलाफ खूब नारेबाजी की। यहां पर रिक्त चल रहे पदों को ना भरने को लेकर बच्चे हाथों में तख्तियां ले रखी थी।
15 बच्चे छोड़ गए हैं स्कूल
जानकारी के मुताबिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल लामू में मात्र राजनीति शास्त्र का एक प्रवक्ता है, उन्होंने भी अपना तबादला कोर्ट के माध्यम से करवा लिया है। जबकि यहां पर 82 बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। लिहाजा सीनियर सेकेंडरी के बच्चों को पढ़ाने के लिए कोई भी प्रवक्ता यहां नहीं है।
प्रवक्ता ना होने के चलते यहां से लगभग 15 बच्चे स्कूल छोड़ गए हैं। इन बच्चों ने दूसरी जगह एडमिशन ले ली है।
खुद या मोबाइल के सहारे हो रही पढ़ाई
इस बारे में जब बच्चों से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह खुद या मोबाइल के सहारे ही पढ़ाई कर रहे हैं। थोड़ी बहुत पढ़ाई हाई स्कूल के अध्यापक बच्चों को करवा रहे हैं। करीब दो वर्ष पहले भी यहां के बच्चों ने सड़कों पर उतर कर धरना प्रदर्शन किया था, इसके बाद आनन-फानन में यहां पर डेपुटेशन के आधार पर स्टाफ की नियुक्ति प्रशासन द्वारा की गई थी। यहां के बच्चों व अभिभावकों को इस स्कूल के बंद होने का खतरा भी मंडराने लगा है।
बच्चों का भविष्य अंधकार में
प्रधान ग्राम पंचायत लामू लालचंद ने कहा है की अध्यापक ना होने के चलते यहां पर बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह से प्रभावित हो रही है। सेकेंडरी स्कूल में मात्र एक ही प्रवक्ता बचा है, वह भी अंडर ट्रांसफर है। ट्राइबल क्षेत्र में अध्यापक ना होने के चलते बच्चों का भविष्य अंधकार में बन गया है सरकार से मांग की जाती है कि जल्द से जल्द प्राथमिकता के आधार पर यहां पर अध्यापकों को भेजा जाए।
सुभाष महाजन

