-
Advertisement
ट्रकों में पुलिस, आगे-पीछे गाड़ियांः आईओसीएल के प्लांट से ऐसे हो रही रसोई गैस की ढुलाई
जिला ऊना के रायपुर सहोड़ा स्थित आईओसीएल के एलपीजी बॉटलिंग प्लांट से विभिन्न गैस एजेंसी तक रसोई गैस की सप्लाई को सुनिश्चित करने के लिए अब प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से जिम्मा संभाला है। आईओसीएल के प्लांट से पुलिस एस्कॉर्ट में रसोई गैस की ढुलाई को सुनिश्चित किया जा रहा है। जिसके चलते जिला भर में छाया रसोई गैस आपूर्ति पर संकट काफी हद तक समाप्त हो गया है और रसोई गैस एजेंसी से उपभोक्ताओं तक सुगमता से रसोई गैस के सिलेंडर पहुंचना भी शुरू हो चुके हैं। जिसके चलते न केवल इन ट्रकों के आगे और पीछे पुलिस की गाड़ियां चल रही है बल्कि ट्रकों में भी पुलिस के कर्मचारियों को चालकों के साथ सुरक्षा की दृष्टि से बिठाया जा रहा है।
रसोई गैस सिलेंडर की दिक्कत हो रही दूर
आईओसीएल के इसी बॉटलिंग प्लांट से कुछ ही दूरी पर एक ट्रक में तोड़फोड़ करने और चालक से मारपीट करने की वारदात सामने आने के बाद इस व्यवस्था को मूर्त रूप दिया गया है। जिला के एएसपी महेंद्र पाल गुर्जर का कहना है कि रसोई गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन सजग है और खाद्य आपूर्ति विभाग की मदद से इस काम को बखूबी अंजाम भी दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जिला भर के विभिन्न गैस एजेंसी तक रसोई गैस नहीं पहुंच पाने के चलते उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन अब काफी हद तक इस समस्या पर काबू पा लिया गया है।
यह भी पढ़े:गगरेट में लगने वाले इथोनॉल प्लांट में 50 फीसदी निवेश हिस्सेदारी के लिए हिमाचल तैयार

