- Advertisement

चाचा ने दो नाबालिग सगी भतीजियों को बनाया ह#वस का शिकार, आरोपी गिरफ्तार
Himachal News: जिला चम्बा में रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक बेहद संवेदनशील और गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक कलयुगी चाचा ने अपनी दो सगी नाबालिग भतीजियों के साथ दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना चम्बा की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ पोक्सो (POCSO) एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
16 वर्ष और 15 वर्ष है बालिकाओं की आयु
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी शादीशुदा है और रिश्ते में दोनों पीड़ित किशोरियों का चाचा लगता है। बड़ी बहन की उम्र 16 वर्ष और छोटी बहन की उम्र 15 वर्ष बताई जा रही है। आरोपी ने दोनों बहनों के साथ अलग-अलग स्थानों पर इस कृत्य को अंजाम दिया। उसने अपनी बड़ी भतीजी के साथ घर के भीतर, जबकि छोटी भतीजी के साथ खेत में दुष्कर्म किया।
पिता ने महिला थाना चम्बा में दर्ज करवाई शिकायत
डरी-सहमी दोनों बहनों ने हिम्मत जुटाकर जब अपनी आपबीती माता-पिता को सुनाई, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। पिता ने बिना किसी देरी के तुरंत महिला थाना चम्बा में पहुंचकर आरोपी के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज करवाई।शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। बुधवार को आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा। इस बीच, चम्बा स्थित मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में डॉक्टरों की एक विशेष टीम द्वारा दोनों पीड़ित बहनों का विस्तृत चिकित्सीय परीक्षण (मेडिकल एग्जामिनेशन) करवाया गया है।
जल्द दाखिल होगी चार्जशीट: एसपी
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस इस मामले की वैज्ञानिक और निष्पक्ष जांच कर रही है और जांच पूरी होते ही जल्द से जल्द अदालत में चार्जशीट दाखिल की जाएगी ताकि दोषियों को सख्त सजा मिल सके।
रविंद्र चौधरी

