-
Advertisement
अमेरिकी कंपनी का क्रूर चेहरा: धोखे से वर्क फ्रॉम होम दिया, 5 मिनट की गूगल मीट में 80 भारतीयों की छुट्टी
Trending News: कॉरपोरेट जगत में छंटनी का एक बेहद क्रूर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अमेरिका की डिजिटल बैंकिंग और फाइनेंसियल फर्म ‘ब्लूवाइन’ (Bluevine) ने खराब प्रदर्शन का हवाला देते हुए अपनी भारतीय कस्टमर सपोर्ट टीम के सभी 80 कर्मचारियों को एक झटके में नौकरी से निकाल दिया। इस पूरी छंटनी को महज 5 मिनट की एक वर्चुअल कॉल (गूगल मीट) के जरिए अंजाम दिया गया।
धोखे से करवाया वर्क फ्रॉम होम, बीच शिफ्ट में किया फायर
इस घटना का खुलासा कंपनी से निकाले गए एक कर्मचारी ने सोशल मीडिया पर किया। कर्मचारी के अनुसार, मंगलवार को मैनेजमेंट ने लगभग 80 कर्मचारियों वाली पूरी टीम को ‘ऑपरेशनल कारणों’ का बहाना देकर रिमोटली (घर से) काम करने के लिए कहा था। कर्मचारी हमेशा की तरह अपनी शाम 6:30 बजे की शिफ्ट में काम कर रहे थे। करीब तीन घंटे काम करने के बाद, रात 9:30 बजे सीनियर मैनेजमेंट ने अचानक पूरी टीम को एक मीटिंग के लिए बुलाया। सिर्फ 5 मिनट चली इस कॉल में सभी को बता दिया गया कि अब उनके पास नौकरी नहीं है।
कंपनी के दावों पर कर्मचारी का पलटवार
मैनेजमेंट ने इस छंटनी के पीछे यह तर्क दिया कि भारतीय टीम उम्मीद के मुताबिक काम नहीं कर रही थी। हालांकि, पीड़ित कर्मचारी ने इन दावों को ‘बकवास’ बताते हुए सिरे से खारिज कर दिया। कर्मचारी का कहना है कि असली लापरवाही अमेरिकी टीम की तरफ से थी, जहां लोग मनमर्जी से काम करते थे और वहां नौकरी छोड़ने की दर (Attrition rate) भी सबसे ज्यादा थी। इसके उलट, भारतीय टीम अपनी नौकरी बचाने की असुरक्षा के कारण दिन-रात कड़ी मेहनत कर रही थी और खुद को ज्यादा काम करने के लिए हमेशा तैयार रखती थी।
“अफसोस है कि इतनी मेहनत की”
अचानक हुई इस कार्रवाई से कर्मचारियों को गहरा झटका लगा है। पीड़ित ने अपना दर्द बयां करते हुए लिखा, “सिर्फ पांच मिनट की कॉल से 80 परिवार प्रभावित हुए हैं। मुझे बुरा लगता है कि हम ऐसी कॉरर्पोरेट कंपनियों के लिए काम करते हैं जो हमें कभी भी निकाल सकती हैं। मुझे अफसोस है कि मैं अपनी नौकरी में इतनी मेहनत करता था।”
सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा
इंटरनेट पर यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है। यूजर्स कंपनी के इस रवैये को बेहद ‘दुखद’ और ‘निराशाजनक’ बता रहे हैं। जब लोगों ने उस बेरहम कंपनी का नाम पूछा, तब कर्मचारी ने बताया कि यह ‘ब्लूवाइन’ है। बता दें कि ‘ब्लूवाइन’ एक अमेरिकी डिजिटल बैंकिंग प्लेटफॉर्म है, जो मुख्य रूप से छोटे व्यवसायों (Small Businesses) के लिए ऑनलाइन बिजनेस चेकिंग अकाउंट, पेमेंट टूल और क्रेडिट लाइन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराता है। इस घटना ने एक बार फिर कॉरपोरेट सेक्टर में नौकरी की सुरक्षा (Job Security) और कर्मचारियों के प्रति कंपनियों के रवैये पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
पंकज शर्मा
