-
Advertisement
अंब में पारिवारिक विवाद सुलझाने पहुंचे उपप्रधान को महिला ने जड़ा थप्पड़, मामला दर्ज
Himachal News: जिला ऊना के उपमंडल अंब के तहत चौआर गांव में एक महिला द्वारा पंचायत उपप्रधान पर थप्पड़ जड़ने का मामला सामने आया है। पारिवारिक विवाद में मध्यस्थता करने पहुंचे जनप्रतिनिधि के साथ की गई इस अभद्रता के बाद पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शांतिपूर्ण मध्यस्थता के दौरान आपा खो बैठी महिला
जानकारी के अनुसार, रविवार रात पंचायत उपप्रधान सुखदेव सिंह को गांव के ही एक व्यक्ति ने फोन कर सूचना दी कि उनकी बहू प्रवीण कुमारी घर में झगड़ा कर रही है। सूचना मिलने के बाद उपप्रधान गांव की वार्ड सदस्य को साथ लेकर मौके पर पहुंचे, जहां परिवार के अन्य लोग और पंचायत प्रतिनिधि पहले से मौजूद थे।जब उपप्रधान और अन्य प्रतिनिधि मामले को शांत कराने और विवाद का कारण पूछने लगे, तो महिला प्रवीण कुमारी आपा खो बैठी। उसने तैश में आकर कहा कि उसके पारिवारिक मामले में उपप्रधान का दखल देने का कोई मतलब नहीं है और अचानक उठकर उपप्रधान सुखदेव सिंह के मुंह पर थप्पड़ मार दिया।
कर्तव्य में बाधा और आत्मसम्मान को ठेस
पीड़ित उपप्रधान सुखदेव सिंह ने बताया कि वे एक चुने हुए जनप्रतिनिधि के रूप में अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी निभाने पहुंचे थे। महिला के इस रवैये से न केवल उनके आत्मसम्मान को ठेस पहुंची है, बल्कि सरकारी व पंचायत कार्य में भी बाधा उत्पन्न हुई है।
पुलिस ने बीएनएस (BNS) की धाराओं में किया मामला दर्ज
डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि उपप्रधान की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132 (सरकारी कर्मचारी/जनप्रतिनिधि के कार्य में बाधा डालना) और धारा 121(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में ला रही है।
सुनैना जसवाल
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
