-
Advertisement
Himachal के मेडिकल कॉलेज नेरचौक में सामान्य OPD बंद, कोविड रोगियों का होगा इलाज
मंडी। हिमाचल के मंडी जिला में लगातार बढ़ रहे कोरोना (Corona) मामलों को देखते हुए लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नेरचौक की सामान्य ओपीडी (OPD) को मंगलवार दोपहर बाद से अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया है। इस अस्पताल में अब सिर्फ कोरोना संक्रमितों का उपचार ही होगा। स्वास्थ्य निदेशालय के निर्देशों के बाद मेडिकल कॉलेज नेरचौक (Medical College Nerchowk) के प्राचार्य ने आपातकाल बैठक बुलाकर यह निर्णय लिया है। बता दें कि मंगलवार को अस्पताल में करीब 179 मरीज भर्ती थे। जबकि काफी संख्या में लोग यहां उपचार करवाने पहुंचे थे। लेकिन अचानक आए आदेशों के बाद मरीजों में काफी रोष दिखा। रोगियों और तीमारदारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
यह भी पढ़ें: मेडिकल कॉलेज नेरचौक में इस दिन से शुरू होंगी सभी OPD, सभी के लिए खुले अस्पताल के दरवाजे
वहीं अस्पताल में भर्ती रोगियों में कुछ को जोनल अस्पताल मंडी और कुछ को अन्य स्थानों में शिफ्ट किया जा रहा है। वहीं कुछ को छुट्टी भी दे दी गई है। मंगलवार को सामान्य ओपीडी में मरीजों की सिर्फ जांच हुई, जबकि भर्ती किसी को भी नहीं किया गया। 21 अप्रैल से सामान्य ओपीडी पूरी तरह से बंद रहेगी। बता दें कि मेडिकल कॉलेज नेरचौक में अब पहले की तरह सात जिलों मंडी, कुल्लू, लाहुल-स्पीति, चंबा, कांगड़ा, हमीरपुर और बिलासपुर के कोरोना संक्रमितों का उपचार किया जाएगा। सरकार ने गत वर्ष लॉकडाउन (Lockdown) के बाद 23 मार्च को नेरचौक मेडिकल कॉलेज को डेडिकेटिड कोविड अस्पताल (Dedicated Covid Hospital) का दर्जा दिया था। इस साल 22 फरवरी को अस्पताल में दोबारा सामान्य ओपीडी शुरू हुई थी। इस अस्पताल में कोविड रोगियों के लिए 500 बेड की व्यवस्था है। यहां 118 बिस्तरों में ऑक्सीजन की सुविधा है। वहीं प्री-फैब्रिकेटिड कोविड अस्पताल का काम पचीस अप्रैल तक पूरा होने के निर्देश सरकार ने संबंधित निर्माण एजेंसी को दिए हैं। यहां 108 बेड की सुविधा मिलेगी।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group

