-
Advertisement
बड़ी खबरः Shimla में धंसा रेन शेल्टर, एक की गई जान- एक घायल, एक समय रहते भागा
शिमला। राजधानी शिमला (Shimla) में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। पुलिस थाना बालूगंज के तहत ओल्ड बैरियर के पास एक रेन शेल्टर अचानक धंस गया। रेन शेल्टर धंसने के कारण दबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। वहीं, एक व्यक्ति घायल हुआ है और एक ने समय रहते भागकर जान बचाई। बता दें कि ओल्ड बैरियर (Old Barrier) के पास बने रेन शेल्टर में तीन लोग बैठे थे। तभी अचानक रेन शेल्टर धंस गया। मामले की सूचना पुलिस (Police) और फायर बिग्रेड को दी गई। पुलिस व दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी किया। एक को सुरक्षित निकाला गया व एक की मौत हो गई है। रेन शेल्टर कच्चे डंगे पर बना था। रेन शेल्टर के गिरने से साथ लगते गेस्ट हाउस को भी खतरा पैदा हो गया है। फायर ऑफिसर बाल कृष्ण ने बताया कि हादसे में एक की मौत हुई है और एक घायल हुआ है।
गौरतलब है कि बालूगंज थाना में करीब एक बजे सूचना मिली। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो पाया कि ओल्ड बैरियर के पास भारी बारिश के कारण डंगा बैठ गया था तथा डंगा के साथ ही एक पुराना शैड भी था, जो भी मलबे के साथ नीचे आ गया। इस मलबे में एक व्यक्ति जिसका नाम जगदीश है छलांग लगाकर कर बाहर आ गया। प्रेम लाल (58) पुत्र कालू राम निवासी गांव बलैड़ी डाकघर चनोग तहसील सुन्नी जिला शिमला को चपेट में आने के कारण हल्की चोटें आई थी, जिसे उपचार हेतू थाना बालूंगज की गाड़ी में आईजीएमसी शिमला भिजवाया गया। इसके बाद मलबे को हटाया गया तो प्यारे लाल शर्मा (48) पुत्र प्रेम सुख निवासी गांव व डाकघर मंढोलघाट तहसील सुन्नी जिला शिमला मलबे के नीचे दबे पाया गया। उसे मलबे के नीचे से निकाला गया, लेकिन उसकी मृत्यु हो चुकी थी। शव को आईजीएमसी शिमला पोस्टमार्टम हेतू भिजवाया गया है तथा परिजनों को भी सूचित किया गया है। एएसपी हेडक्वार्टर ने भी मौके का दौरा किया। पुलिस 174 के तहत कार्रवाई अमल में ला रही है।

