-
Advertisement
केंद्र की प्रसाद योजना में हिमाचल का ये शक्तिपीठ भी शामिल, PM ने किया शिलान्यास
Prasad Yojana: ऊना। देश के मंदिरों (Temples) के विस्तारीकरण और सौन्दर्यकरण के लिए केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई प्रसाद योजना (Prasad Yojana) के तहत विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ चिंतपूर्णी (Shaktipeeth Chintpurni) में लगभग 25 करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे। पीएम नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को वर्चुअली चिंतपूर्णी के लिए प्रसाद योजना का शिलान्यास किया। विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ चिंतपूर्णी के लिए केंद्र सरकार द्वारा 24.55 करोड़ रुपए जारी किए गए है।
वर्चुअली कार्यक्रम में शामिल हुए पीएम
गौरतलब है कि देशभर में मंदिरों को भव्यता प्रदान करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा प्रसाद योजना शुरू की गई है और अब इसी योजना के तहत हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में स्थित शक्तिपीठ चिंतपूर्णी को भी शामिल किया गया है। जहां पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सूचना प्रसारण एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर वर्चुअली इस कार्यक्रम में शामिल हुए वहीं चिंतपूर्णी स्थित माईदास सदन में आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम में चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू और BJP जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक बलबीर चौधरी विशेष रूप से मौजूद रहे।
विस्तारीकरण से श्रद्धालुओं की तादाद बढ़ेगी
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कार्यक्रम के दौरान वर्चुअली जनसमूह को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार का चिंतपूर्णी मंदिर के लिए करीब 25 करोड़ की राशि जारी करने पर आभार जताया। अनुराग ठाकुर ने कहा कि मंदिर के विस्तारीकरण होने से मंदिर में श्रद्धालुओं की तादाद बढ़ेगी जिससे क्षेत्र में स्वरोजगार के रास्ते खुलेंगे। अनुराग ठाकुर ने आने वाले समय में इस योजना के तहत और अधिक राशि जारी करवाने का भी आश्वासन दिया।
श्रद्धालुओं को और मिलेंगी अधिक सुविधाएं
वहीं, चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने भी अपने संबोधन में प्रसाद योजना के शिलान्यास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। सुदर्शन बबलू ने कहा कि इस योजना से चिंतपूर्णी मंदिर का विस्तार होगा जिससे श्रद्धालुओं को और अधिक सुविधाएं मिलेंगी। बबलू ने कहा कि प्रदेश सरकार भी मंदिरों के सौंदर्यीकरण और विस्तारीकरण के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

