-
Advertisement
पीएम मोदी अब हमीरपुर नहीं मंडी आएंगे, इस माह के अंत में है भाजयुमो का कार्यक्रम
Last Updated on September 7, 2022 by sintu kumar
शिमला। प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि हिमाचल विधानसभा चुनाव से पहले इस माह के आखिरी सप्ताह में पीएम नरेंद्र मोदी हिमाचल आएंगे। मीडिया से बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि पीएम मोदी का कार्यक्रम लगभग तय हो चुका है। वे मंडी में भाजयुमो की जनसभा को संबोधित करेंगे, यह कायक्रम पहले हमीरपुर में होना था। इस के बाद वे कांगड़ा व चम्बा में भी जनसभाओं को संबोधित करेंगे। सुरेश कश्यप ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह, अनुराग ठाकुर, स्मृति ईरानी किरण रिजीजू का भी चुनाव की तारीखों का ऐलान होने से पहले हिमाचल आने का कार्यक्रम तय किया गया है।
यह भी पढ़ेंः कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य उमंग सिंगर टटोलेंगे कार्यकर्ताओं की नब्ज
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और हिमाचल चुनाव प्रभारी सौदान सिंह हिमाचल में लगातार कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ रणनीति बनाने में जुटे हुए हैं। आने वाले दिनों में बीजेपी हिमाचल में केंद्रीय नेताओं के ज़रिए चुनावी माहौल को गर्माएगी। चुनाव को लेकर तमाम कमेटियों की बैठकें और गंभीर मंथन चल रहा है। इसके अलावा टिकटों को लेकर हर एक पहलू पर संग़ठन और शीर्ष नेतृत्व भी मंथन कर रहा है। आखिरी निर्णय केवल संसदीय बोर्ड को करने का अधिकार है।
सुरेश कश्यप ने शिमला स्मार्ट सिटी लिमिटेड के चौथे सिटी एडवाइजरी फोरम में भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता नगर विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने की। बैठक में शिमला शहर के लिए स्मार्ट सिटी परियोजना पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई। सुरेश कश्यप ने कहा कि शिमला के लिए तैयार किए गए स्मार्ट सिटी कार्यक्रम के तहत अच्छी प्रगति हुई है। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट ने शिमला शहर की तकदीर बदल दी है। चार फ्लाईओवर और एक सुरंग के निर्माण से संबंधित 85.23 करोड़ रुपये की 5 परियोजनाएं जो खलिनी, विधानसभा, विधायक क्रॉसिंग, चक्कर बाइपास और ढली जंक्शन जैसे प्रमुख जंक्शनों पर यातायात की भीड़ को कम करने में सहायक होंगी, जो वर्षों से अड़चन बन गई हैं।