-
Advertisement
आपसी विवाद सुलझाने पहुंची पुलिस को घर के पास मिला संदिग्ध ग्रेनेड, नालागढ़ में इलाका सील
Himachal News: पुलिस जिला बद्दी के तहत आते नालागढ़ से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। पुलिस यहां एक गांव में दो पक्षों के बीच हुए आपसी झगड़े की जांच करने गई थी, लेकिन मौके पर कुछ ऐसा मिला जिसने पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोगों के होश उड़ा दिए। जांच के दौरान एक घर के पास ‘ग्रेनेड’ जैसी दिखने वाली एक संदिग्ध वस्तु बरामद हुई है।
माजरा गांव की घटना
यह पूरी घटना नालागढ़ के माजरा गांव (डाकघर बरूणा) की है, जो पुलिस चौकी जोघों के अधिकार क्षेत्र में आता है। जानकारी के मुताबिक, गांव में दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था, जिसकी क्रॉस एफआईआर (Cross FIR) नालागढ़ पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई थी। इसी मामले की छानबीन और घटनास्थल का मुआयना करने के लिए पुलिस टीम गांव पहुंची थी।जांच चल ही रही थी कि तभी एक घर के समीप पुलिस की नजर एक ग्रेनेडनुमा (Grenade-like) संदिग्ध वस्तु पर पड़ी। इसे देखते ही मौके पर हड़कंप मच गया। पुलिस ने बिना कोई देरी किए, सुरक्षा के मद्देनजर तुरंत आसपास के इलाके को खाली करवाया और पूरी जगह को सील कर दिया।
पुलिस हर संभव सावधानी बरत रही
पुलिस का कहना है कि यह वस्तु असल में क्या है, इसकी पुष्टि तकनीकी जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल स्थिति को नियंत्रण में रखा गया है और संदिग्ध वस्तु की सुरक्षित जांच और उसे निष्क्रिय (Dispose) करने के लिए बम निरोधक दस्ते (Bomb Disposal Team) को मौके पर बुला लिया गया है। साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए पुलिस हर संभव सावधानी बरत रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी बद्दी, विनोद धीमान ने स्थानीय लोगों से एक विशेष अपील की है। उन्होंने लोगों से घटनास्थल के आसपास भीड़ न लगाने को कहा है। साथ ही सख्त हिदायत दी है कि सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर कोई भी अपुष्ट जानकारी या अफवाह न फैलाएं। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए इस मामले की गहन और निष्पक्ष जांच कर रही है।
नरेंद्र
