-
Advertisement
लाहुल-स्पीति जिप में खत्म हुआ सियासी सस्पेंस: बीजेपी समर्थित ठिनले दिचेन बनीं अध्यक्ष, उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस का कब्जा
Lahaul-Spiti Zila Parishad: लाहुल-स्पीति जिला परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद को लेकर लंबे समय से चला आ रहा सियासी इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। सोमवार को हुए कड़े मुकाबले में बीजेपी समर्थित काजा वार्ड की जिला परिषद सदस्य ठिनले दिचेन ने अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की है। वहीं, उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस समर्थित बरपा वार्ड के सदस्य सुरेश कुमार ने बाजी मारी। इस चुनाव परिणाम के साथ ही जिला परिषद की कमान अब अध्यक्ष पद पर बीजेपी और उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस के पास विभाजित हो गई है।
ठिनले दिचेन को 5 वोट मिले,शशि किरण को 4
डीसी किरण भड़ाना की अध्यक्षता में आयोजित मतदान प्रक्रिया में कुल 9 निर्वाचित सदस्यों ने हिस्सा लिया। 10 सीटों वाली इस जिला परिषद में इस बार 9 सदस्य ही निर्वाचित हुए थे। अध्यक्ष पद के लिए हुए कड़े मुकाबले में बीजेपी समर्थित ठिनले दिचेन को 5 वोट मिले, जबकि कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार शशि किरण को 4 वोट प्राप्त हुए। इस तरह महज एक वोट के बेहद बारीक अंतर से ठिनले दिचेन ने अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।
उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस के सुरेश कुमार ने दर्ज की जीत
अध्यक्ष चुनाव के तुरंत बाद उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान हुआ। इसमें कांग्रेस समर्थित सदस्य सुरेश कुमार को 6 वोट मिले, जबकि विकास मंच समर्थित प्रत्याशी रंजीत को 3 वोट प्राप्त हुए। सुरेश कुमार ने 3 वोटों के अंतर से उपाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की।
21 सितंबर को टल गया था चुनाव
गौरतलब है कि इससे पहले 21 सितंबर को कोरम पूरा न होने के कारण चुनाव स्थगित करना पड़ा था। उस समय बैठक में केवल कांग्रेस समर्थित 4 सदस्य ही पहुंचे थे, जिसके बाद प्रशासन ने 5 अक्तूबर की तिथि निर्धारित की थी। सोमवार को हुई बैठक में कांग्रेस समर्थित 4, भाजपा समर्थित 3 और विकास मंच समर्थित 2 सदस्यों सहित सभी 9 सदस्य मौजूद रहे। ठिनले दिचेन की जीत पर बीजेपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह है। पूर्व विधायक रवि ठाकुर ने ठिनले दिचेन और पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने इस जीत को विधानसभा चुनाव से पहले लाहौल-स्पीति में बीजेपी के लिए एक महत्वपूर्ण और बड़ी सफलता करार दिया।
इंद्र जीत
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
